शिविर में उत्तीर्ण होने वाले स्काउट गाइड राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए होंगे योग्य, कई जिलों के प्रतिभागी शामिल
पद्मेश न्यूज।वारासिवनी। नगर के शासकीय टिहलीबाई माध्यमिक शाला परिसर स्थित स्काउट.गाइड जिला प्रशिक्षण केंद्र में ६ जुलाई से पांच दिवसीय आवासीय राज्य स्तरीय राज्य पुरस्कार स्काउट.गाइड जांच शिविर का गरिमामय शुभारंभ हुआ। भारत स्काउट.गाइड राज्य मुख्यालय भोपाल के आदेशानुसार आयोजित इस शिविर का संचालन जिला कमिश्नर व जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री धनश्री जैन के कुशल निर्देशन में उद्घाटन सत्र भारत स्काउट.गाइड जिला संघ बालाघाट के अध्यक्ष छगन हनवत और जिला कोषाध्यक्ष भेजेंद्र चौधरी सहित कई गणमान्य नागरिक और शिक्षा विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में प्रारंभ किया गया। इस पांच दिनों तक चलने वाले इस आवासीय शिविर के पहले दिन की शुरुआत पारंपरिक ध्वजारोहण और प्रार्थना के साथ हुई। इसके तुरंत बाद शिविर की व्यवस्थित कार्यप्रणाली के लिए प्रतिभागियों को विभिन्न टोलियों में विभाजित किया गया। टोलियों के गठन के साथ ही प्रशिक्षण और मूल्यांकन की कड़े दौर की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। वारासिवनी में इस स्तर के प्रतिष्ठित आयोजन को लेकर स्थानीय निवासियों और शिक्षा विभाग में भारी हर्ष का माहौल है। इस महत्वपूर्ण राज्य स्तरीय शिविर में मध्य प्रदेश के कई प्रमुख जिलों भोपाल, विदिशा ,जबलपुर, सागर ,बालाघाट से चुनकर आए उत्कृष्ट स्काउट.गाइड सहभागिता कर रहे हैं। इस पांच दिवसीय जांच शिविर के दौरान प्रतिभागियों की योग्यता को परखने के लिए कड़े मापदंड तय किए गए हैं। स्काउट गाइड्स को प्रवेश स्तर से लेकर राज्य पुरस्कार तक के संपूर्ण पाठ्यक्रम पर आधारित तीन स्तरीय परीक्षाओं में लिखित परीक्षा, व्यावहारिक टेस्ट, मौखिक परीक्षा का सामना करना होगा। पाठ्यक्रम के मूल्यांकन के साथ साथ इस शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को जीवन की विपरीत और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में ढालना है। उन्हें सिखाया जाएगा कि न्यूनतम संसाधनों के साथ कैसे पूरी तरह अनुशासित, आत्मनिर्भर और सुरक्षित रहा जा सकता है। इस जांच परीक्षा का महत्व इसलिए भी अत्यधिक है क्योंकि इसमें सफलतापूर्वक उत्तीर्ण होने वाले स्काउट.गाइड्स को देश के सर्वोच्च नागरिक युवा सम्मान राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए योग्य माना जाएगा। यहाँ सफ ल होने के बाद ही वे आगामी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए पात्रता हासिल कर सकेंगे। शिविर को सुचारू रूप से संपन्न कराने और निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए राज्य भर से अनुभवी प्रशिक्षक नियुक्त किये गये हैं। इनेन्द्र डहरवाल ने बताया की यह राज्य स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया है जो पांच दिवस तक चलना है इसका समापन १० जुलाई को किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न संभाग से ८० बच्चे चयनित होकर आए हैं जिसमें बालाघाट के ५० बच्चे शामिल है। इस शिविर में होने वाले टेस्ट और परीक्षा में यदि यह सभी बच्चे सफ लता प्राप्त करते हैं तो राज्यपाल और राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए यह चयनित होगी यह एक आवासीय शिविर हैं। इस अवसर पर रमेश बारिया रतलाम, आर सी सोलंकी देवास ,लखन राजपूत शाजापुर, सुश्री निर्मला बनर्जी, श्रीमती सायरा बानो, इनेंद्र डहरवाल जिला आर्गेनाइजिंग कमिश्नर सहित स्काउट.गाइड संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं वरिष्ठ प्रशिक्षक उपस्थित रहकर बच्चों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
बाइट इनेन्द्र डहरवाल जिला आर्गेनाइजिंग कमिश्नर










































