राजस्थान के अजमेर जिले के बोराडा थाना इलाके में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। यहां एक चलती हुई स्कॉर्पियो (SUV) में अचानक भीषण आग लग गई और देखते ही देखते वह आग का गोला बन गई। इस दर्दनाक घटना में एक ही परिवार के चार सदस्यों की जलकर मौत हो गई।
मृतकों में स्थानीय कांग्रेस नेता और पूर्व सरपंच भी शामिल हैं। यह हादसा अजमेर शहर से लगभग 60 किलोमीटर दूर काशीर और बोराडा गांवों के बीच सुबह करीब 5.30 बजे हुआ।
मां को सीने में दर्द के बाद अस्पताल ले जा रहा था परिवार
शुरुआती जानकारी के अनुसार, पूर्व सरपंच और जिला परिषद सदस्य रामसिंह चौधरी की मां पूसी देवी ने सुबह सीने में दर्द की शिकायत की थी। रामसिंह चौधरी उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी और भतीजी महिमा भी वाहन में मौजूद थीं। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही चलती कार में अचानक आग भड़क उठी और कुछ ही पलों में पूरी गाड़ी लपटों से घिर गई, जिससे किसी को भी बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।










































