अनियंत्रित डंपर मकान में घुसा पान ठेले में सो रहे संचालक की हालत नाजुक

0

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी थाना अंतर्गत ग्राम कोचेवाही में रविवार की अलसुबह एक भीषण सडक़ हादसा सामने आया है। यहाँ कटंगी की ओर से आ रहे गिट्टी से भरे एक अनियंत्रित डंपर ने सडक़ किनारे स्थित एक मकान और पान ठेले को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में पान ठेले के भीतर सो रहे संचालक सियाराम पंचेश्वर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जिन्हें उपचार के लिए महाराष्ट्र के गोंदिया रिफर किया गया है। घटना के बाद से ही क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

गर्मी के कारण ठेले में सो रहा था पीडि़त

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कोचेवाही निवासी सियाराम पिता लुखुराम पंचेश्वर उम्र ४५ वर्ष अपने परिवार के साथ रहते हैं और घर के सामने ही पान ठेले का संचालन कर अपनी आजीविका चलाते हैं। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात अत्यधिक गर्मी और उमस होने के कारण सियाराम अपने घर के भीतर ना सोकर सामने बने पान ठेले में आकर सो गए थे। घटना रविवार सुबह करीब ४ बजे की है बताया जा रहा है कि गिट्टी से ओवरलोड एक डंपर कटंगी मार्ग से वारासिवनी की ओर अत्यंत तेज गति से आ रहा था। ग्राम कोचेवाही के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित डंपर रफ्तार से सडक़ किनारे बने सियाराम के पान ठेले को रौंदते हुए सीधे उनके मकान में जा घुसा। डंपर की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मकान की सामने की दीवार पूरी तरह धराशायी हो गई और पान ठेला मलबे में तब्दील हो गया। घटना के दौरान डंपर आंगन में लगे एक मजबूत विद्युत पोल से टकराकर रुक गया। गनीमत रही कि पोल की वजह से डंपर की गति थम गई अन्यथा वह पूरे मकान को जमींदोज करते हुए अंदर सो रहे परिवार को भी अपनी चपेट में ले सकता था। हालांकि टक्कर से विद्युत पोल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और हाई वोल्टेज लाइन के तार टूटकर जमीन पर आ गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि घटना के समय तारों में विद्युत प्रवाह चालू होता तो मौके पर एक बड़ी और भयावह जनहानि हो सकती थी।

घायल हायर सेंटर गोंदिया रिफर हालत नाजुक

इस दर्दनाक हादसे में पान ठेले में सोये सियाराम पंचेश्वर डंपर की सीधी टक्कर और मलबे की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। सुबह सुबह हुए इस भीषण धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। ग्रामीणों की मदद से लहूलुहान सियाराम को तुरंत सिविल अस्पताल वारासिवनी ले जाया गया। वहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल बालाघाट रिफ र कर दिया। हालांकि अंदरूनी चोटें गंभीर होने के कारण बालाघाट जिला अस्पताल से भी उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत हायर सेंटर गोंदिया रिफर कर दिया गया है जहाँ फिलहाल उनका उपचार जारी है। सुबह सुबह हुए इस हादसे के बाद से कोचेवाही और आसपास के ग्रामीणों में भारी आक्रोश और भय व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित भारी वाहनों का आवागमन लगातार बढ़ रहा है जिससे आए दिन इस तरह की दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और मामले की जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here