तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘आतंकवादी’कहकर एक बार फिर अपने ही पैर पर कुल्हाड़ी मारने का काम किया है। क्योंकि इससे पहले भी कई बार कांग्रेस नेताओं ने पीएम मोदी के खिलाफ भाषा की हदें पार की हैं, और जब-जब उन्होंने ऐसा किया है हर बार उनका दांव उल्टा ही पड़ा है। इतिहास को उठा कर देखें तो हर बार भाजपा और खुद प्रधानमंत्री मोदी ने ऐसे बयानों को अपने लिए मौका बनाया है और विपक्ष को अपने वार से चित कर दिया। ऐसे में आज हम भी एक नजर डालते हैं कांग्रेस नेताओं के ऐसे ही बयानों पर जब उन्होंने पीएम मोदी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया था….
सबसे पहले बात आज की, क्या बोले खड़गे
कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे आज तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार के क्रम में चेन्नई में थे। यहां कांग्रेस अध्यक्ष के बोल इतने बिगड़ गए कि उन्होंने देश के पीएम को आतंकवादी कह डाला। दरअसल, तमिलनाडु में एक सभा के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी कहा और उनके साथ गठबंधन करने के लिए ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) की आलोचना की।
चेन्नई में पत्रकारों को संबोधित करते हुए खड़गे ने AIADMK के प्रधानमंत्री के साथ हाथ मिलाने के फैसले पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, ‘वे (AIADMK) मोदी के साथ कैसे मिल सकते हैं? वह (मोदी) एक आतंकवादी हैं। और वह समानता में विश्वास नहीं रखते। अब भाजपा ने इसे मुद्दा बना लिया है और उनकी आलोचना कर रही है। हालांकि उन्होंने बाद में अपने बयान को लेकर सफाई भी दी।
साल 2007, सोनिया ने बताया था मौत का सौदागर
ये पहली बार नहीं है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस नेताओं का ऐसा बयान आया हो। साल 2007 में सोनिया गांधी ने पीएम मोदी को ‘मौत का सौदागर’ कहा था। वे गुजरात विधानसभा चुनाल के दौरान नवसारी में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रही थीं। उस वक्त नरेंद्र मोदी भी प्रधानमंत्री नहीं बने थे, वे गुजरात में सरकार चला रहे थे। तब सोनिया ने कहा था,’गुजरात में सरकार चलाने वाले झूठे, बेईमान और मौत के सौदागर हैं।’ कांग्रेस को तब सोनिया गांधी के इस बयान का खामियाजा भुगतना पड़ा था और कांग्रेस 182 सीटों में से महज 59 सीटें ही जीत पाई थी।
साल 2014, ‘कांग्रेस दफ्तर के बाहर चाय बेचें मोदी’- मणिशंकर अय्यर
नरेंद्र मोदी को लेकर साल 2014 में कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने भी विवादित बयान दिया था। 2014 में लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान उन्होंने कहा था- ‘क्या चायवाला देश का प्रधानमंत्री बनेगा? मोदी कांग्रेस दफ्तर के बाहर चाय बेचें।’उनका यह बयान ही तब भाजपा के लिए हथियार बन गया। भाजपा ने इसके बाद ही ‘चाय पर चर्चा’कैंपेन लॉन्च किया और पूरे प्रचार के दौरान इस बयान को मुद्दा बनाकर कांग्रेस को बुरी तरह पराजित कर सत्ता में वापसी की थी। उन चुनावों में देश की सबसे पुरानी पार्टी को महज 44 वोट मिले और भाजपा ने पूर्ण बहुमत से सरकार बनाई।
जब राहुल ने कहा- जहर की खेती करते हैं पीएम मोदी
2014 में ही राहुल गांधी ने भी सारी हदें पार कर दी थीं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जहर की खेती करने का आरोप लगाया था। उस चुनाव में भाजपा के सत्ता में आने का बड़ा कारण कांग्रेसी नेताओं के इन बयानों को सही तरीके से अपने पक्ष में भुनाना भी था।
पीएम मोदी नीच आदमी हैं
अब एक बार फिर बात कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर की। साल था 2017 और वक्त था गुजरात विधानसभा चुनाव प्रचार का। चुनाव प्रचार के दौरान अय्यर के बोल फिर बिगड़ गए और उन्होंने पीएम मोदी को नीच किस्म का आदमी करार दिया। अय्यर ने कहा,’मुझको लगता है ये आदमी (नरेंद्र मोदी) बहुत नीच किस्म का आदमी है।’ अय्यर के इस बयान को भी पीएम मोदी ने बहुत अच्छी तरह से भुनाया। गुजरात में एक जनसभा के दौरान उन्होंने अय्यर को इसका जवाब भी दिया, पीएम मोदी ने तब कहा था,’आपने हमें नीच कहा, निचली जाति का कहा। 18 तारीख को आए चुनाव परिणाम बताएंगे कि गुजरात के बेटे को नीच कहना कितना भारी पड़ेगा’। इसके बाद जो परिणाम आए उनमे एक बार फिर कांग्रेस के हाथ से गुजरात की सत्ता फिसल गई थी।
‘चौकीदार चोर है’
साल 2019 में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर पीएम मोदी पर करारा हमला बोलते हुए उन्हें ‘चोर’ करार दिया था। चुनावी रैली में राफेल डील में घोटाले का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी ने तब कहा था कि ‘चौकीदार ही चोर है’। भाजपा ने उनके इस बयान को लेकर देशभर में कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। बाद में उन्होंने इसके लिए माफी भी मांगी।
गंदी नाली का कीड़ा
वहीं, कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने साल 2019 में लोकसभा में बोलते हुए पीएम मोदी की तुलना करते हुए उन्हें गंदी नाली का कीड़ा कह दिया था। हालांकि उनके इस बयान को सदन की कार्यवाही से हटा दिया गया था।










































