देश में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और अब ठगों ने कंपनियों को निशाना बनाने के लिए एक नया तरीका अपना लिया है। भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) और CyberDost ने लोगों को “Boss Scam” से सावधान रहने की चेतावनी जारी की है। इस साइबर फ्रॉड में अपराधी WhatsApp Web का इस्तेमाल कर कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों का रूप धारण करते हैं और कर्मचारियों से तत्काल भुगतान (Urgent Payment) कराने की कोशिश करते हैं।
क्या है Boss Scam?
I4C के अनुसार, इस ठगी की शुरुआत एक संदिग्ध फाइल से होती है। साइबर अपराधी कंपनी के CEO, मालिक या किसी वरिष्ठ अधिकारी को .ZIP या .ISO फाइल भेजते हैं। इन फाइलों को “महत्वपूर्ण दस्तावेज”, “स्टेटमेंट”, “इनवॉइस” या “फाइनेंस रिपोर्ट” बताकर खोले जाने के लिए कहा जाता है। पहली नजर में ये फाइलें सामान्य ऑफिस डॉक्यूमेंट जैसी लगती हैं, लेकिन वास्तव में इनमें खतरनाक मैलवेयर छिपा होता है।
फाइल खोलते ही सिस्टम में इंस्टॉल हो जाता है मैलवेयर
जैसे ही पीड़ित इन फाइलों को अपने कंप्यूटर में खोलता है, मैलवेयर सिस्टम में इंस्टॉल हो सकता है। इसके बाद साइबर अपराधी WhatsApp Web से जुड़ी जानकारी तक पहुंच बना सकते हैं और पीड़ित के WhatsApp अकाउंट का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं। यही वजह है कि इस तरह का हमला बेहद खतरनाक माना जा रहा है, क्योंकि इसमें किसी का WhatsApp अकाउंट या उसकी पहचान का दुरुपयोग किया जा सकता है।













































