एक माह से लापता किशोरी का जंगल में पेड़ से लटका मिला सड़ा-गला शवकपड़ों और चप्पलों से हुई पहचान

0

जिले के बैहर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लगमा के जंगल में शुक्रवार को एक किशोरी का करीब एक माह पुराना शव पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव अत्यधिक सड़-गल चुका था। जिससे उसकी पहचान करना संभव नहीं था। बाद में घटनास्थल पर मिले कपड़ों और चप्पलों के आधार पर परिजनों ने मृतिका की शिनाख्त रुक्मणी परते पिता रमेश परते 15 वर्ष ग्राम लगमा निवासी के रूप में की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक माह पहले घर से हुई थी लापता
प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 जून से रुक्मणी परतेअपने घर से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी तलाश करने के बाद नहीं मिली परिजनों ने बैहर थाना में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बैहर पुलिस इस नाबालिक लड़की का अपहरण करने के आरोप में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अ. क्र. 111/026 धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर उसकी लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था।

ग्रामीणों ने जंगल में देखा संदिग्ध दृश्य
बताया जाता है कि 31 जुलाई को कुछ ग्रामीण जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर एक पेड़ पर दुपट्टे से बने फंदे पर पड़ी। जब वे पास पहुंचे तो पेड़ के नीचे चप्पल, कपड़े और मानव शरीर के अवशेष दिखाई दिए। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल गांव में सूचना दी और बैहर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।

शव की हालत देख पहचान करना था मुश्किल
सूचना मिलते ही बैहर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि शव काफी पुराना होने के कारण बुरी तरह सड़-गल चुका था। शव की स्थिति ऐसी थी कि उसकी सीधी पहचान संभव नहीं थी। पुलिस ने घटनास्थल से कपड़े, चप्पल और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जप्त किए। बाद में परिजनों को मौके पर बुलाया गया। जिन्होंने बरामद कपड़ों और चप्पलों के आधार पर मृतका की पहचान रुक्मणी परते के रूप में की

मृत्यु के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद हो सकेगी- बैहर थाना प्रभारी

बैहर थाना प्रभारी जयंत मर्सकोले ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटनास्थल की स्थिति से ऐसा प्रतीत होता है कि बालिका की मौत फांसी लगाने से हुई है। हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही हो सकेगी। शव को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जबलपुर भेजा गया है।पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

पुलिस ने शव को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद पोस्टमार्टम एवं अन्य जांच संबंधी कार्रवाई के लिए भेज दिया है। मामले की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। गुमशुदगी से लेकर शव मिलने तक की पूरी घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि किशोरी की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here