सैमसंग के फ्रीस्टाइल प्रोजेक्टर अपनी अलग पहचान बनाकर मशहूर हुए हैं। कंपनी ने The Freestyle+ नाम से नया प्रोजेक्टर पेश कर दिया है। खास बात है कि इसे किसी भी कमरे में लगाया जा सकता है। सफेद या साफ दीवार की जरूरत नहीं है। यह रंगीन दीवार के हिसाब से अपने कलर सेट कर लेता है। पोर्टेबल प्रोजेक्टर है तो इसे कहीं भी ले जाया जा सकता है। यह 100 इंच की स्क्रीन का अनुभव देता है साथ ही बेहतरीन पिक्चर क्वॉलिटी और दमदार आवाज पेश करता है। प्रोजेक्टर को अभी अमेरिका में लाया गया है। यह जल्द भारत में भी आ सकता है।
कहीं भी फिट होने वाली स्मार्ट स्क्रीन
आमतौर पर प्रोजेक्टर में कंटेंट देखने के लिए एक ऐसी दीवार चाहिए होती है जो सफेद हो और साफ। फ्रीस्टाइल प्लस ने इस जरूरत काे खत्म कर दिया है। इसमें एडवांस एआई तकनीक दी गई है जो स्क्रीन को हमेशा सीधा और साफ रखती है, चाहे आप इसे किसी भी सर्फेस पर चलाएं।
अगर दीवार टेढ़ी-मेढ़ी है या उस पर रंग-बिरंगा वॉलपेपर लगा है, तो भी एआई, तस्वीर को तुरंत सीधा कर देता है और रंगों को ऐसे सेट करता है कि आपको बिल्कुल साफ वीडियो दिखे।अगर दीवार पर कोई फोटो फ्रेम या घड़ी टंगी है, तो यह प्रोजेक्टर उसे पहचान लेता है और तस्वीर को खुद-ब-खुद खाली जगह पर खिसका देता है।यह प्रोजेक्टर, दीवार से अपनी दूरी खुद नाप लेता है और बिना किसी देरी के तस्वीर को तुरंत साफ (फोकस) कर देता है।
पिक्चर क्वॉलिटी और साउंड
- सैमसंग के अनुसार, नए फ्रीस्टाइल प्लस में पहले से बेहतरीन ब्राइटनेस और कलर्स मिलते हैं, जिससे घर के अंदर या बाहर, फिल्मों और गेम्स का मजा दोगुना हो जाता है।
- इस प्रोजेक्टर के अंदर लगे स्पीकर और वूफर पूरे कमरे को दमदार आवाज से भर देते हैं। इसे सैमसंग के साउंडबार से भी कनेक्ट किया जा सकता है।
LIVE टीवी चैनल भी दिखाएगा प्रोजेक्टर
सैमसंग फ्रीस्टाइल प्लस में 750 से ज्यादा फ्री चैनल देखे जा सकते हैं। यह बिना किसी गेमिंग बॉक्स के सीधे इंटरनेट से कनेक्ट होकर क्लाउड की मदद से गेम खेलाने की क्षमता रखता है।













































