नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान युद्ध के बीच देशवासियों से पेट्रोल-डीजल बचाने के लिए वर्क फ्रॉम होम अपनाने की अपील की है। इससे देश में पेट्रोल और डीजल की स्थिति को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। इस बीच पेट्रोलियम मिनिस्टर हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार को आश्वस्त किया कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि देश में हाल-फिलहाल लॉकडाउन लगाने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने साथ ही कहा कि पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच सरकार ने एलपीजी उत्पादन को 35,000-36,000 टन प्रतिदिन से बढ़ाकर 54,000 टन प्रतिदिन कर दिया है।
भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के वार्षिक व्यापार सम्मेलन में पुरी ने कहा कि एलपीजी की आपूर्ति में कोई समस्या नहीं है। देश के पास 69 दिन का कच्चे तेल एवं एलएनजी तथा 45 दिन का एलपीजी भंडार मौजूद है। उन्होंने कहा, ‘पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच एलपीजी उत्पादन को 35,000-36,000 टन प्रतिदिन से बढ़ाकर 54,000 टन प्रतिदिन किया गया है।’मोदी की अपील
पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मितव्ययिता उपाय अपनाने की अपील को सतर्कता बरतने के संकेत के रूप में लिया जाना चाहिए और पश्चिम एशिया संघर्ष से उत्पन्न राजकोषीय दबाव को कम करने के उपायों पर विचार शुरू करना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मितव्ययिता की अपील पश्चिम एशिया संघर्ष से उत्पन्न राजकोषीय दबाव को कम करने के उपायों पर विचार शुरू करने का संकेत है।’










































