ग्राहकों की शिकायत पर FSSAI का बड़ा एक्शन, स्विगी इंस्टामार्ट को भेजे 9 नोटिस

0

खाद्य सुरक्षा नियामक एफएसएसएआई (FSSAI) ने सड़े-गले, एक्सपायर और खराब गुणवत्ता वाले खाद्य उत्पादों की सप्लाई से जुड़ी शिकायतों के बाद स्विगी इंस्टामार्ट को 9 नोटिस जारी किए हैं। एफएसएसएआई ने बताया कि उसे कई उपभोक्ताओं से शिकायतें मिली थीं कि इंस्टामार्ट के जरिए एक्सपायर, खराब, दूषित और खाने के लिए असुरक्षित खाद्य सामान की डिलीवरी की गई। इन शिकायतों के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई करते हुए कंपनी को नोटिस भेजे गए हैं।

नियामक के मुताबिक, एक मामले में शिशु पोषाहार (बेबी फूड) का उत्पाद बेहद खराब हालत में मिला। जांच में उसके दूषित होने और गलत तरीके से स्टोर किए जाने के संकेत मिले। हैरानी की बात यह रही कि ग्राहक द्वारा उत्पाद लौटाने के बाद भी वही सामान दोबारा भेजे जाने का आरोप है। इसके अलावा, शिकायतों में खराब अंडे, खराब दूध और क्षतिग्रस्त पैक वाले डिब्बाबंद खाद्य उत्पादों की डिलीवरी का भी जिक्र किया गया है।

जांच में मिली कई गड़बड़ी

FSSAI की जांच में यह भी सामने आया कि कुछ मामलों में एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर गलत, अमान्य या मौजूद ही नहीं थे। वहीं, कुछ खाद्य कारोबारियों को उनके आधिकारिक पंजीकरण से अलग नामों से प्लेटफॉर्म पर सूचीबद्ध किया गया था। नियामक का कहना है कि कई शिकायतों में ग्राहकों को संतोषजनक जवाब नहीं मिला और न ही समय पर सुधारात्मक कार्रवाई की गई। एक मामले में तो खाद्य सुरक्षा से जुड़े मुद्दे का समाधान करने के बजाय केवल पैसे वापस करने की पेशकश की गई।

FSSAI ने मांगा जवाब

FSSAI ने स्विगी इंस्टामार्ट से पूरे मामले पर विस्तृत जवाब और अनुपालन रिपोर्ट मांगी है। चेतावनी दी गई है कि तय समय पर जवाब नहीं मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। वहीं, स्विगी इंस्टामार्ट के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी एफएसएसएआई द्वारा उठाए गए सभी मामलों की समीक्षा कर रही है और समाधान के लिए अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है।

एफएसएसएआई के अनुसार, नोटिसों में विक्रेताओं को प्लेटफॉर्म से जोड़ने की प्रक्रिया, नियमों के पालन की जांच, खाद्य गुणवत्ता की निगरानी, उपभोक्ता शिकायतों के निपटारे और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। हाल के दिनों में एफएसएसएआई उपभोक्ता शिकायतों और स्वतः संज्ञान के आधार पर लगातार कार्रवाई कर रहा है। इससे पहले भी नियामक एनर्जी ड्रिंक, मादक पेय, खाद्य कंपनियों और क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स को नोटिस जारी कर चुका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here