बालाघाट
संपत्ति विवाद ने एक बार फिर खून के रिश्ते को लहूलुहान कर दिया। जिले के तिरोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चोरपिण्डकेपार में बड़े भाई ने संपत्ति बंटवारे की मामूली कहासुनी के बाद छोटे भाई पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने घर में रखे चाकू से छोटे भाई का गला रेत दिया। गनीमत रही कि परिजनों ने तत्काल बीच-बचाव कर घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया।वरना एक और भाई हत्या की वारदात में तब्दील हो जाती। तिरोड़ी पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी अजय भलावे पिता धनीराम भलावे 32 वर्ष को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया। जिसे न्यायिक अभिरक्षा में वारासिवनी उपजेल भिजवा दिया गया है घायल अनिरुद्ध भलावे 27 वर्ष का इलाज नगर के निजी अस्पताल में किया जा रहा है।
30 सेकंड की कहासुनी और उठ गया चाकू
जानकारी के मुताबिक ग्राम चोर पिंडकेपार में अजय भलावी और उसके भाई अनिरुद्ध भलावी के बीच संपत्ति के बंटवारे को लेकर के विवाद चल रहा था। घटना 19 अप्रैल की शाम करीब 7:30 बजे की है। अनिरुद्ध भलावे अपने घर पर था। उसी दौरान उसका बड़ा भाई अजय भलावे वहां पहुंचा। दोनों के बीच पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर ।बातचीत शुरू होते ही बहस गाली-गलौज में बदल गई। अनिरुद्ध ने जब बड़े भाई अजय भलावे को गाली देने से मना किया तो अजय भलावे आपा खो बैठा। उसने पीछे से अनिरुद्ध के बाल पकड़े और घर में रखा घरेलू चाकू उठाकर सीधे गले पर वार कर दिया। हमला इतना तेज था कि अनिरुद्ध के गले से खून की धार बह निकली। वार करने के बाद आरोपी अजय भलावे ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
परिजनों ने किया बीच बचाव कर जिला अस्पताल में किये भर्ती
वारदात के समय घर में मौजूद परिजन चीख-पुकार सुनकर दौड़े और बीच-बचाव किये और अजय भलावे को आगे हमला करने से रोका। खून से लथपथ अनिरुद्ध भलावे को तुरंत वाहन से जिला चिकित्सालय बालाघाट ले जाकर भर्ती किये जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई। समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई। फिलहाल उसका इलाज जारी है।घायल अनिरुद्ध भलावे ने होश में आने के बाद जिला अस्पताल पुलिस को पूरी आप बीती बताई।
जिला अस्पताल पुलिस ने लिए बयान: तिरोड़ी पुलिस ने की जांच
जिला अस्पताल पुलिस द्वारा लिए गए बयान पर थाना तिरोड़ी में आरोपी अजय भलावे के खिलाफ अप.क्र. 105/2026 में भारतीय न्याय संहित की धारा 296(बी),109(1)351(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की।घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रुद्रशरण मिश्रा ने तत्काल टीम गठित की। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया और नक्शा मौका तैयार किया। फॉरेंसिक साक्ष्य के तौर पर घर से सादी मिट्टी और खून से सनी मिट्टी के नमूने जब्त किए गए।आरोपी अजय भलावे को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ में मिले मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया घरेलू चाकू और घटना के समय आरोपी अजय द्वारा पहने गए खून लगे कपड़े भी बरामद कर लिए। सभी जप्त सामान को सील कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में किये पेश: भेजा गया जेल
पुख्ता सबूत जुटाने के बाद पुलिस ने आरोपी अजय भलावे पिता धनीराम भलावे 32 वर्ष ग्राम चोरपिण्डकेपार निवासी को विधिवत गिरफ्तार किया। नियमानुसार गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दी गई। 21 अप्रैल को आरोपी अजय भलावे को कटंगी स्थित माननीय जेएमएफसी न्यायालय के समक्ष पेश किया यहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में वारासिवनी उप जेल भिजवा दिया गया है।










































