जिला अस्पताल के सामने सड़ांध का साम्राज्य

0


नालियों की सफाई नहीं होने से जमा हुआ मलबा
अस्पताल परिसर तक पहुंच रही दुर्गंध
बालाघाट/ शासकीय जिला चिकित्सालय बालाघाट के ठीक सामने सड़क किनारे बनी नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से बरसाती पानी की निकासी बाधित हो गई है। नालियों में गंदगी और मलबा जमा होने के कारण वहां से उठ रही दुर्गंध अब अस्पताल परिसर तक फैलने लगी है। इससे मरीजों, उनके परिजनों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल के सामने स्थित नालियों की सफाई की जिम्मेदारी नगर पालिका की है। लेकिन लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण नालियां कचरे और मलबे से पट चुकी हैं। परिणामस्वरूप बरसात का पानी रुक रहा है और सड़ांध फैलने लगी है। अस्पताल जैसे संवेदनशील क्षेत्र में इस प्रकार की लापरवाही को लेकर लोगों में नाराजगी व्याप्त है।अस्पताल के दूसरे प्रवेश द्वार के सामने भी नालियों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। यहां से प्रतिदिन हजारों मरीज, उनके परिजन, डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी और आम नागरिक गुजरते हैं।जिन्हें दुर्गंध के बीच आवागमन करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से इस समस्या की ओर जिम्मेदार विभाग का ध्यान नहीं गया है।गौरतलब है कि जिला अस्पताल अवंतीबाई चौक से बूढ़ी रोड को जोड़ने वाले व्यस्त मार्ग पर स्थित है।जहां दिनभर यातायात बना रहता है। ऐसे में सड़क किनारे जमा गंदगी न केवल शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है बल्कि अस्पताल आने वाले मरीजों के स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बनती जा रही है। बरसात के मौसम में इस तरह की गंदगी से संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका से मांग की है कि अस्पताल परिसर के आसपास की नालियों की तत्काल सफाई कराई जावे ।जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कर नियमित सफाई व्यवस्था की जाए,।ताकि मरीजों और आम नागरिकों को इस समस्या से राहत मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here