टीम इंडिया के लिए बुरी खबर, हार्दिक पंड्या अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर, अचानक क्या हुआ?

0

नई दिल्ली: भारत के ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या खेलने की स्वीकृति मिलने के कुछ घंटे बाद बुधवार को अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैच की वनडे श्रृंखला से बाहर हो गए जब उनकी जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया। पंड्या बेंगलुरु में भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में अपनी पीठ की ऐंठन की चोट से उबरने के बाद खेलने की मंजूरी लेने गए थे। यह चोट उन्हें आईपीएल में मुंबई इंडियन्स के लिए खेलते समय लगी थी।

हार्दिक पंड्या वनडे सीरीज से बाहर

पता चला है कि नई चोट सीओई में आकलन के दौरान पूरे 10 ओवर की गेंदबाजी करने की वजह से लग सकती है। अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज शनिवार को धर्मशाला में शुरू होगी। इसके बाद लखनऊ और चेन्नई में क्रमशः 17 और 20 जून को दो अन्य मैच खेले जाएंगे। बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा, ‘उन्हें ठीक होने में तीन हफ्ते लगेंगे इसलिए उनके वनडे सीरीज में खेलने की कोई संभावना नहीं है क्योंकि उनका रिहैबिलिटेशन पूरा नहीं हो पाएगा।’लंबे समय से थे चोटिल

पंड्या आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए कुछ मैच नहीं खेल पाए थे लेकिन 24 मई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ टीम के आखिरी मैच में वापसी की थी। इस 32 साल के ऑलराउंडर को यह नई चोट ऐसे समय में लगी है जब अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए उन्हें अधिक वनडे क्रिकेट खेलने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

हार्दिक पंड्या वर्ल्ड कप प्लान का हिस्सा

वनडे विश्व कप 2023 में बांग्लादेश के खिलाफ पहले दौर के मैच के दौरान पंड्या के बाएं टखने में लगी चोट ने टीम का संतुलन बिगाड़ दिया था। दक्षिण अफ्रीका में 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप के लिए भारत की योजनाओं में पंड्या अहम बने हुए हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैच की सीरीज और फिर अगले महीने इंग्लैंड के खिलाफ भी इतने ही मैच की सीरीज के लिए पंड्या को मैच फिट रखने के मकसद से उन्हें भारत की टी20 टीम से बाहर रखा गया है जबकि वह इस प्रारूप में दो बार विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here