पदमेश न्यूज़, बालाघाट।लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी के बीच सोमवार दोपहर शहर के व्यस्त हनुमान चौक क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बिजली ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई।जहा देखते ही देखते ट्रांसफार्मर से तेज लपटें और धुआं उठने लगा, जिससे आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।उधर घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग और दमकल अमला मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।तब कही जाकर स्थानीय लोगो ने राहत की सास ली।
चिंगारी के साथ निकलने लगी लपटे
स्थानियजनो के अनुसार सोमवार दोपहर के समय अचानक ट्रांसफार्मर से चिंगारियां निकलनी शुरू हुईं। कुछ ही पलों में ट्रांसफार्मर आग की लपटों से घिर गया। गर्मी और तेज तापमान के कारण आग तेजी से फैलती दिखाई दी, जिससे आसपास मौजूद लोगों में भय का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस, बिजली विभाग और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था के बीच आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। बिजली सप्लाई तत्काल बंद कर क्षेत्र को सुरक्षित किया गया, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत कर उक्त आग पर नियंत्रण पाया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रांसफार्मर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
विघुत सप्लाई रही बाधित
उधर घटना के बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी के बीच बिजली बंद होने से दुकानदारों, व स्थानिय रहवासियों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। कई दुकानों में काम प्रभावित हुआ तो वहीं घरों में लोग उमस और गर्मी से परेशान नजर आए।
भीषण गर्मी व ओवर लोड बताई जा रही वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन दिनों लगातार बढ़ते तापमान के कारण बिजली की खपत काफी बढ़ गई है। एयर कूलर, एसी और अन्य विद्युत उपकरणों के अधिक उपयोग से ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त लोड पड़ रहा है, जिसके चलते इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। नागरिकों ने विद्युत विभाग से पुराने और क्षमता से कम ट्रांसफार्मरों को बदलने तथा नियमित मेंटेनेंस कराने की मांग की है।उधर विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने प्राथमिक जांच में ओवरलोड और अत्यधिक गर्मी से आग लगने का संभावित कारण बताया है। विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर को बदलकर ने बिजली व्यवस्था बहाल किया गया है।










































