नहर किनारे मिला दो दिनों से लापता वृध्द का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी

0

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय से लगभग १० किमी दूर ग्राम कंजई में उस वक्त सनसनी फैल गई। जब दो दिनों से लापता एक ८० वर्षीय वृध्द का शव गुरूवार सुबह नहर किनारे बरामद हुआ। मृतक की शिनाख्त ग्राम कंजई निवासी बस्ताराम तिलेश्वर के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बस्ताराम तिलेश्वर अपने पुत्र टेकराम के साथ रहते थे। इन दिनों महुआ का सीजन होने के कारण वे प्रतिदिन महुआ चुनने जाते थे। मंगलवार की सुबह भी खेत से महुआ चुनकर लाये थे। जिसके बाद महुआ बेचने के बाद वे गांव के चौक की ओर घूमने निकले थे, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटे। तो परिजनों ने सोचा कि शायद वे किसी रिश्तेदार के घर रूक गये होंगे। इस कारण तत्काल उनकी खोजबीन नहीं की गई। गुरूवार प्रात: १० बजे मृतक के पुत्र टेकराम को सूचना मिली कि उनके पिता कंजई बैरियर के पास नहर किनारे गिरे हुए हैं। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि वृध्द की मृत्यु हो चुकी है। घटना की जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ लग गई और तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी गई। वहीं पुलिस को घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी के निर्देश पर सहायक उपनिरीक्षक दुर्गाप्रसाद झिझोते पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। जिसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम हेतु लालबर्रा अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सक के द्वारा पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि बस्ताराम तिलेश्वर अपने बेटे टेकराम तिलेश्वर के पास रहता था और वर्तमान में महुआ चुनने का कार्य जारी है, बस्ताराम भी सुबह के समय खेत से महुआ चुनकर लाता था। मंगलवार को सुबह के समय महुआ बेचने के बाद चौक की ओर घुमने आ गया था उसके बाद घर नही पहुंचा और घर से निकलने के दो दिन बाद गांव के समीप से गुजरे नहर के किनारे उसका शव मिला है। जिससे ऐसा लग रहा है कि वह दोपहर में नहर की ओर गया होगा और तेज धुप एवं प्यास लगने पर पानी नही मिलने से अनियंत्रित होकर नहर में गिर गये होगें और लंबे समय तक बेसुध रहने के कारण उनकी मौत होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here