नई दिल्ली: पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में लगी आग के बाद अब आम जनता को एक और बड़ा करंट लगने वाला है। आपके घर का बिजली बिल भी जल्द ही बढ़ सकता है। केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA) ने बिजली के फिक्स मंथली चार्ज को बढ़ाने का एक बड़ा प्रस्ताव रखा है। इस कदम से उन उपभोक्ताओं की जेब पर भी सीधा असर पड़ेगा, जो बहुत कम बिजली की खपत करते हैं। अगर आप बिजली का कोई भी उपकरण इस्तेमाल नहीं करते हैं, तब भी यह बढ़ा हुआ चार्ज देना होगा।
इस प्रस्ताव का मुख्य उद्देश्य बिजली वितरण कंपनियों के बढ़ते घाटे और लागत की भरपाई करना है। दरअसल, आजकल बड़ी संख्या में अमीर परिवार और उद्योग अपनी छतों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम लगवा रहे हैं या खुद की बिजली पैदा कर रहे हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार इस कारण वे सरकारी कंपनियों से बिजली कम खरीदते हैं, जिससे डिस्कॉम कंपनियों की कमाई पर भारी असर पड़ रहा है।कितना पड़ेगा भार?
अगर यह प्रस्ताव लागू होता है, तो आपके बिजली बिल का एक बड़ा हिस्सा मैंडेटरी फिक्स चार्ज यानी अनिवार्य निश्चित शुल्क के रूप में आएगा। इसका मतलब यह हुआ कि आप महीने में चाहे जितनी भी कम बिजली खर्च करें या घर पर ताला लगा रहे, आपको हर महीने एक तय मोटी रकम (फिक्स चार्ज) तो देनी ही होगी।










































