युवक गंभीर रूप से घायल
भरवेली थाना क्षेत्र के ग्राम खुटिया की घटना
बालाघाट। भरवेली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम खुटिया में आपसी पारिवारिक विवाद के चलते एक चाचा ने अपने ही भतीजे के सिर पर लाठी मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक विजय बिसेन 35 वर्ष को उपचार के लिए जिला अस्पताल बालाघाट में भर्ती कराया गया है। भरवेली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गिट्टी हटाने को लेकर बढ़ा विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम खुटिया निवासी विजय बिसेन अपने परिवार के साथ खेती-किसानी करते हैं। विजय के पिता कुल पांच भाई थे।जो एक ही मकान में अलग-अलग हिस्सों में रहते हैं। विजय और उसके चाचा अनिल बिसेन का परिवार भी पास-पास ही रहता है, जिनके बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। 13 अक्टूबर की रात करीब 9:00 बजे घर के सामने रखी गिट्टी को हटाने की बात पर विजय और उसके चाचा अनिल के बीच कहासुनी हो गई।
विवाद इतना बढ़ा कि चाचा अनिल ने आवेश में आकर पहले भतीजे विजय के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और फिर पास ही रखी लाठी से उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया। लाठी लगने से विजय का सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। शोर सुनकर पहुंचे परिजनों और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया। इसके बाद घायल विजय को तुरंत जिला अस्पताल बालाघाट ले जाया गया।जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद भरवेली थाना पुलिस मामले की पड़ताल और कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।










































