मकाय: ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला दो दिन में ही जीत लिया है। पहली पारी में 64 रनों पर ऑलआउट होने वाली बांग्लादेशी टीम दूसरी पारी में 95 रन ही बना सकी। टेस्ट इतिहास में पहली बार बांग्लादेश की टीम दोनों पारियों में 100 रनों तक नहीं पहुंच पाई। पहले टेस्ट में हार के बाद ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच को पारी और 51 रनों से अपने नाम किया। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 210 रन बनाए थे। मकाय में पहले दिन 18 बल्लेबाज आउट हुए तो दूसरे दिन दो ही सेशन में 12 विकेट गिर गए। मैच का नतीजा सिर्फ 125 ओवर में ही निकल गया। इसके साथ ही दो मैचों की टेस्ट सीरीज 1-1 की बराबरी पर खत्म हुई। 23 साल बाद बांग्लादेश की टीम टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा कर रही थी।
बांग्लादेश की बैटिंग नहीं चली
ऑस्ट्रेलिया को दूसरी पारी में भी मिचेल स्टार्क ने गेंद से शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने अपने दूसरे ओवर में लगातार दो गेंदों पर शदमन इस्लाम और मोमिनुल हक को आउट कर दिया। इसके बाद पैट कमिंस ने तंजीद हसन तमीम की पारी का अंत किया। 24 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद कप्तान नजमुल हुसैन शांतो और मुशफिकुर रहीम के बीच 27 रनों की साझेदारी हुई। नाथन लायन ने शांतो को आउट करके साझेदारी तोड़ी। इसके बाद फिर से विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया।










































