ऐसा फिल्मों में जरूर देखा गया है कि बिना हाथ लगाए कपड़े खुद पहनने वाले के शरीर पर चढ़ जाएं, लेकिन अब ऐसी तकनीक वाकई में मौजूद है। दरअसल अमेरिका और दक्षिण कोरिया के वैज्ञानिकों ने मिलकर एक ऐसी टेक्नोलॉजी बनाई है, जो किसी इंसान के हाथ लगाए बिना ही उसे कपड़े पहना सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार इस तकनीक की प्रेरणा दीवार पर चढ़ने वाली एक बेल से ली गई है, जो किसी सहारे के बिना ऊंची से ऊंची दीवार पर भी चढ़ जाती है।
इस तकनीक को बुजुर्गों, दिव्यांगों, फैक्ट्रियों के क्लीनरूम में काम करने वाले कर्मचारियों और इमरजेंसी सर्विस के जवानों के लिए मददगार बताया जा रहा है।इस अनोखी तकनीक के पीछे दक्षिण कोरिया के KAIST और अमेरिका की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के रिसर्चर्स का हाथ है।
ये कपड़े इंसान के शरीर पर इनके अंदर लगी लचीली और सॉफ्ट नलियों की मदद से चढ़ जाते हैं।
इस तकनीक की खासियत यह है कि खुद ब खुद कपड़े पहनते हुए, इंसान को बिल्कुल सीधा खड़ा रहने की जरूरत नहीं पड़ती।
इन ऑटोमैटिक कपड़ों को पहनने वाला आराम से हिल-डुल भी सकता है।













































