भोपाल। भोपाल एटीएस की टीम ने यूपी एटीएस व एसटीएफ के साथ मिलकर सहारनपुर के नानौता कस्बे से 38 वर्षीय नईम अब्दुल्ला को गिरफ्तार किया। एटीएस भोपाल की टीम आरोपित को अपने साथ ले गई। स्थानीय स्तर पर टीम का नेतृत्व कर रहे इंस्पेक्टर ने कार्रवाई को गोपनीय बताया है। आरोपित नईम किसी पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में था।गोपनीय तरीके से घर पर दबिश
नानौता कोतवाली में शुक्रवार शाम चार बजे भोपाल एटीएस के प्रभारी राहुल कुमार शर्मा यूपी एटीएस व एसटीएफ की टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने इंस्पेक्टर ज्ञानेश्वर बौद्ध को एक व्यक्ति के बारे में जानकारी दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस एटीएस व एसटीएफ की टीम के साथ मुहल्ला अफगानान में पहुंची। टीम ने नईम अब्दुल्ला को उसके घर से गिरफ्तार किया। टीम प्रभारी के अनुसार नईम किसी पाकिस्तानी हैंडलर से संपर्क में था और भोपाल एटीएस काफी समय से उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर नजर रख रही थी।










































