मंदिर चोरी की 8 वारदातों का खुलासा, महाराष्ट्र के अंतर्राज्यीय गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार

0

पुलिस द्वारा बीते दिनों जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा किया गया है। इस मामले को लेकर 14 मई को नगर पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी ने शहर के वार्ड क्रमांक 33 स्थित गायखुरी मंदिर परिसर में प्रेस वार्ता आयोजित कर पूरे मामले की जानकारी मीडिया के सामने रखी। प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का खुलासा करते हुए बताया कि विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी हुए करीब 5 लाख रुपए मूल्य के मशरूका को बरामद किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों और जब्त सामग्री से संबंधित जानकारी भी साझा की गई। मंदिर परिसर में आयोजित इस प्रेस वार्ता को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते मंदिर परिसर लोगों से भर गया और लोग पुलिस की कार्रवाई एवं प्रेस वार्ता को उत्सुकता के साथ देखते नजर आए। इस दौरान क्षेत्र के कुछ समाजसेवी और वार्डवासी भी मौके पर पहुंचे, जिन्होंने मंदिर चोरी का खुलासा करने पर पुलिस टीम का स्वागत किया। लोगों ने पुलिस कर्मियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया और चोरी की घटनाओं के खुलासे को सराहनीय कार्रवाई बताया।

जिले में लगातार हो रही मंदिर चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए महाराष्ट्र के अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया गया है। नगर पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि जिले में सामने आई मंदिर चोरी की सभी 8 घटनाओं का सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख रुपए का मशरूका भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के थाना रावनवाड़ी क्षेत्र के रहने वाले हैं, जो सुनसान और ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों की पहले रेकी करते थे और बाद में रात के समय ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। जिले के थाना लांजी, हट्टा, नवेगांव, कोतवाली और किरनापुर क्षेत्र में बीते दिनों मंदिरों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पांच विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर संदिग्धों पर नजर रखी और सूचना मिलने पर आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने विभिन्न मंदिरों में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने राहुल बिसेन निवासी ग्राम अर्जुनी थाना रावनवाड़ी, विशाल राहंगडाले निवासी शिरपुर थाना रावनवाड़ी और लक्की सावनकर निवासी शिरपुर थाना रावनवाड़ी जिला गोंदिया महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा दो नाबालिग बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से 8 चांदी के मुकुट, 8 चांदी के छत्र, चांदी की आंखें, चांदी के कुण्डल, दान पेटियों की नगदी, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लोहे की रॉड जब्त की गई है। पुलिस ने बताया कि जब्त मशरूके की कुल कीमत लगभग 5 लाख रुपए है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार 16 अप्रैल से 11 मई के बीच थाना हट्टा, कोतवाली, नवेगांव और लांजी क्षेत्र के कई मंदिरों में चोरी की घटनाएं हुई थीं। इनमें गायखुरी स्थित सहस्त्रबाहु अर्जुन मंदिर, सिंगोड़ी का सार्वजनिक गणेश मंदिर, शीतला माता मंदिर, मोहझरी के भ्रामरी माता मंदिर और बोलेगांव के दुर्गा मंदिर समेत कई धार्मिक स्थल शामिल हैं। बालाघाट पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here