मऊगंज। जिले में मंगलवार की आज दोपहर आग लगने की बड़ी घटना हुई है। यहां घर में आग लगने से गृहस्ती के समान के साथ-साथ सोने चांदी की ज्वेलरी और नकदी जलकर खाक हो गए हैं। वहीं घर के बाहर बंधे मवेशियों में दो भैसे आग में बुरी तरह से झुलस गईं जबकि एक गाय और बछड़े की जिंदा जलने से मौत हो गई है।
दमकल के आते आते पूरा घर खाक हो गया था
घटना लौर थाना क्षेत्र अंतर्गत झौरा गांव की बताई जा रही है, फिलहाल इस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया है, लेकिन तब तक आग की चपेट में आने से पूरा घर ही जलकर खाक हो गया।अज्ञात कारणों के चलते आग भड़क उठी
ग्राम झौरा निवासी बाबूलाल यादव के मकान में अज्ञात कारणों के चलते आग भड़क उठी। इससे पहले की पीड़ित परिवार कुछ समझ पाता, तब तक आग ने भयावह रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी आगोश में ले लिया।
पीड़ित परिवार ने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई
घटना के दौरान पीड़ित परिवार ने तो बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, लेकिन भीषण आग ने घर के भीतर रखे के समान के साथ-साथ सोने चांदी की आभूषण और 40 से 50 हजार भी जलाकर खाक कर दिया।
आग की चपेट में आने से दो भैसे बुरी तरह से झुलसीं
पीड़ित ने बताया कि आग इतनी तेजी के साथ फैली कि वह घर के बाहर बंधे मवेशियों तक को नहीं खोल पाया और आग की चपेट में आने से दो भैसे बुरी तरह से झुलस गई है, तो वही एक गाय और उसके बछड़े की जिंदा जलने से मौत हो गई।









































