फिल्ममेकर विक्रम भट्ट ने अपने करियर में तो उतार-चढ़ाव देखे ही, पर निजी जिंदगी भी खूब उथल-पुथल भरी रही हैं। उनके एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर भी रहे और एक समय पर एक्ट्रेस सुष्मिता सेन को भी डेट करते थे। विक्रम भट्ट ने सुष्मिता संग रिश्ते के बारे में कई बार बात की है, और अब एक बार फिर बोले हैं। विक्रम भट्ट का कहना है कि जब वह सुष्मिता को डेट कर रहे थे, तो उनके पास जहर खरीदने तक के पैसे नहीं थे। वह एक स्ट्रगलिंग डायरेक्टर थे।
विक्रम भट्ट ने सुष्मिता सेन को उनकी पहली फिल्म ‘दस्तक’ के सेट पर डेट करना शुरू किया था। साल 1996 में रिलीज हुई इस फिल्म को महेश भट्ट ने डायरेक्ट किया था, और विक्रम भट्ट उन्हें असिस्ट कर रहे थे। जिस वक्त विक्रम भट्ट और सुष्मिता करीब आए, डायरेक्टर पत्नी अदिति से अलग हो चुके थे। लेकिन कुछ समय बाद ही विक्रम भट्ट का सुष्मिता सेन से ब्रेकअप हो गया था।’मेरे पास जहर खाने के पैसे नहीं थे, मैं कंगाल था’
हालांकि, विक्रम भट्ट के मन में सुष्मिता सेन के लिए कोई कड़वाहट नहीं है और लेटेस्ट इंटरव्यू में उन्होंने उनकी तारीफ ही की है, पर अपनी लाचारगी भी बताई। सिद्धार्थ कनन से बातचीत में विक्रम भट्ट ने कहा, ‘मैं एक स्ट्रगलिंग डायरेक्टर था। मेरे पास जहर खाने के पैसे नहीं थे। मैं आमिर खान को डायरेक्ट कर रहा था और मिस यूनिवर्स को डेट कर रहा था, लेकिन मेरे पास पैसे नहीं थे। मैं कंगाल था। मुझे याद है कि मेरे पास सीडी खरीदने के लिए भी पैसे नहीं थे। मैंने एक फकीरे की तरह जीवन जिया है।’










































