लालबर्रा। नगर मुख्यालय में सब्जी मंडी का स्थायी निर्माण न होने के कारण यातायात और जन-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। विगत कई वर्षों से सब्जी मार्केट में सडक़ पर ही सब्जी की दुकानें सज (लग) रही हैं, जिससे रोजाना आवागमन बाधित हो रहा है। दुकानों और खरीदारी करने आये लोगों के वाहनों के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। जिससे स्थानीय निवासियों, राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जबकि ग्राम पंचायत एवं जनपद पंचायत से लंबे समय से चौपाटी (गुमठी) और सब्जी मंडी निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। जिससे कारण सभी को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही मुख्य मार्ग पर दुकानें लगने से सडक़ सकरी हो गई है। जब दुपहिया वाहनों से कोई व्यक्ति गुजरता है या सब्जी लेने पहुंचता है तो दुसरे वाहन से ग्राहकों के टकराने के कारण आये दिन विवाद की स्थिति बनते रहती है। साथ ही साप्ताहिक बुधवार बाजार के दिन स्थिति और भी विकराल हो जाती है, जिससे दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों को आवाजाही में भारी दिक्कते होती है। साथ ही दुकानदारों के द्वारा सडक़ किनारे कचरा फेंकने से कई स्थानों पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है और बरसात के दिनों में उक्त गंदगी की दुर्गंध से आसपास के रहवासी एवं आने-जाने वालों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लेकिन जिम्मेदारों के द्वारा इस समस्या की ओर कोई ध्यान नही दिया जा रहा है जिससे सभी में रोष व्याप्त है।










































