रतलाम में एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: खाई में गिरी कार, 14 वर्षीय किशोरी की मौत

0

रतलाम। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर रविवार सुबह सड़क हादसे में 14 वर्षीय बालिका की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और दो छोटे भाई घायल हो गए। हादसा रावटी थाना क्षेत्र में धामनोद टोल नाके के पास सुबह करीब पांच बजे हुआ। गुजरात के सूरत जा रही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी।विक्की कुमार 21 मई को छोटे भाई राकेश की सगाई में शामिल होने बिहार गए थे। गुरुवार को सगाई कार्यक्रम संपन्न हुआ था। इसके बाद शुक्रवार शाम परिवार के साथ गांव से सूरत के लिए रवाना हुए। शुक्रवार रात और शनिवार दिनभर लगातार कार चलाने के बाद शनिवार रात करीब 11 बजे धामनोद टोल से आगे सड़क किनारे कार रोककर आराम किया। परिवार कार में एसी चालू कर सो गया था।

विक्की कुमार ने बताया कि रविवार सुबह करीब 4:30 बजे उठने के बाद परिवार दोबारा सूरत के लिए रवाना हुआ। उस समय कार की गति करीब 80 से 90 किलोमीटर प्रतिघंटा थी। करीब 20 से 25 मिनट बाद एक ट्रक ओवरटेक करते हुए निकला। ट्रक का पिछला हिस्सा कार से टकरा गया। कार को बचाने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर की रेलिंग तोड़ते हुए खाई में जा गिरा।

गेट तोड़कर सबसे पहले दीपा को निकाला बाहर

विक्की कुमार ने बताया कि हादसे के समय अंधेरा था। उन्हें मामूली खरोंच आई थी। कार पलटने के बाद उन्होंने किसी तरह गेट तोड़ा और सबसे पहले बेटी दीपा को बाहर निकाला। उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी और वह बेसुध थी। इसके बाद पत्नी और दोनों बेटों को बाहर निकाला गया। बाद में लोगों ने इमरजेंसी सेवा को कॉल किया और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here