दो मोटरसाइकिल की आपस मे जोरदार भिड़ंत
तीन युवती सहित सात घायल
पांच घायल को जिला अस्पताल भर्ती
तीन घायल की हालत गंभीर
धुटी बांध घूमने निकले थे युवक-युवतियां
बालाघाट। लामता थाना क्षेत्र के धुटी रोड पर गुरुवार को दोपहर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवतियों समेत सात लोग घायल हो गए। धुटी गांव के समीप सड़क की गोलाई में दो मोटरसाइकिलों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मोटरसाइकिल पर सवार युवक युवतिया सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में घायल तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पांच घायलों को लामता से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बालाघाट रेफर किया गया है। जहां उनका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 सितम्बर को साहिल सोनवाने ग्राम सिलंगी निवासी अपनी दोनों बहनों गौरी सोनवाने और साधना सोनवाने तथा उनकी सहेली दीक्षा परवार के साथ एक मोटरसाइकिल से परसवाड़ा से धुटी बांध घूमने के लिए निकले थे। साथ में अन्य लोग भी मोटरसाइकिल से आ रहे थे ।साहिल मोटरसाइकिल चला रहा था। वहीं दूसरी ओर विकास मर्सकोले अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल से धुटी बांध घूमने के बाद अपने गांव बटुआ लौट रहे थे। इनके साथ भी अन्य मोटरसाइकिल में उसके साथी युवक थे।बताया जा रहा है कि करीब दोपहर 4 बजे धुटी गांव के पास सड़क की गोलाई में दोनों मोटरसाइकिलें आमने सामने टकरा गईं। अचानक हुई इस भीषण टक्कर से दोनों मोटरसाइकिल पर सवार सातों लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल लामता अस्पताल पहुंचाया गया।लामता अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दीक्षा परवार, गौरी सोनवाने, साधना सोनवाने, साहिल सोनवाने और विकास मर्सकोले को जिला अस्पताल बालाघाट रेफर किया गया। इनमें तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिला अस्पताल में सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है।जबकि दो घायलों का इलाज लामता अस्पताल में जारी है।जिला अस्पताल में भर्ती घायलों में दीक्षा पिता संतोष परवार 17 वर्ष ग्राम कुमनगांव थाना परसवाड़ा निवासी,साहिल पिता चंद्रदास सोनवाने 18 वर्ष गौरी पिता चंद्रदास सोनवाने 21 वर्ष और साधना पिता चंद्रदास सोनवाने 20 वर्ष, तीनों ग्राम सिलगी थाना परसवाड़ा निवासी तथा विकास पिता बिहारीलाल मर्सकोले 22 वर्ष ग्राम बटुआ थाना चांगोटोला निवासी शामिल हैं। यह दुर्घटना में साहिल सोनवाने उसकी एक बहन साधना सोनवाने और विकास मर्सकोले हालत गंभीर बताई गई है।दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद लामता पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।










































