पदमेश न्यूज़,बालाघाट।कर्मचारी चयन आयोग 2025 (एसएससी सीजीएल) की परीक्षा के परिणाम अभी कुछ दिनों पूर्व ही घोषित किए गए है। इस परीक्षा को बालाघाट जिला मुख्यालय के वार्ड नंबर 13 सुभाष नगर बूढ़ी निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक सालिकराम ढोमने के सुपुत्र शेषनारायण ढोमने ने उत्तीर्ण कर यह मुकाम हासिल किया है। अब शेषनारायण आयकर विभाग में कार्यालय अधीक्षक की कमान संभालेंगे। चर्चा के दौरान शेषनारायण ढोमने ने बताया कि वह दो वर्ष से दिल्ली में इस परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। परीक्षा के लिए रोजाना करीब छह घंटे पढ़ाई करते रहे है। जिसका परिणाम है कि यहां तक सफलता मिली। उन्होंने आगे कहा कि इस परिणाम के बाद मिली उपलब्धि से ही संतुष्ट नहीं रहेंगे, जो सपना संघ लोक सेवा आयोग के लिए पहले से संजोए हुए रखा है उसके लिए शासकीय सेवा में निर्धारित समय देने के बाद शेष समय पढ़ाई में ही लगाएंगे। इसके साथ ही अपने सपने को पूरा करने का पूरा प्रयास करेंगे। शेषनारायण के पिता सेवानिवृत्त शिक्षक सालिकराम ढोमने बताते है कि उनके पुत्र ने अपनी प्राथमिक शिक्षा बालाघाट के सेंटमेरी स्कूल से प्राप्त की है। इसके बाद हायर सेकंडरी केंद्रीय विद्यालय भरवेली और स्नातक की पढ़ाई साइंस कालेज जबलपुर से किया है। शेषनारायण ने इस सफलता का श्रेय अपने पिता सेवानिवृत्त शिक्षक सालिकराम ढोमने, मां अलकेश्वरी ढोमने के अनुशासन एवं मार्गदर्शन को दिया हैं। आयकर विभाग में कार्यालय अधीक्षक के लिए चयन होने पर शेषनारायण ढोमने को महाराष्ट्रीयन स्वर्णकार समाज बालाघाट के अध्यक्ष अशोक फाये, उपाध्यक्ष विजय श्रीरंग, सचिव एच कावड़े, बड़े भाई एवं स्वर्णकार समाज लालबर्रा के अध्यक्ष रविकरण सोनी, नितिन सोनी, शिक्षा विभाग के लिपिक चैतन्य सोनी के अलावा अन्य नाते रिश्तेदारों सहित ईष्ट मित्रों ने बधाइयां देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की हैं।









































