श्री शीतला माता मंदिर में शिव महापुराण कथा का शुभारंभ

0

मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा, कथा का संगीतमय हुआ वाचन

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर के वार्ड नं.१२ स्थित प्राचीन सिद्ध पीठ श्री शीतला माता मंदिर में श्रावण मास के पावन अवसर पर शिव महापुराण कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के पहले दिन १८ अगस्त को प्रात: मंदिर प्रांगण से एक विशाल एवं भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में ५१ श्रद्धालु महिलाओं ने अपने सिर पर कलश धारण कर नगर भ्रमण किया। यह शोभायात्रा श्री शीतला माता मंदिर से प्रारंभ होकर नगर की विभिन्न गलियों से भ्रमण कर गोलीबारी चौक होते हुए जैन मोहल्ला एवं कसार गली से होती हुई पुन: मंदिर प्रांगण पहुंची। जहां मंत्रोच्चार के साथ यात्रा का समापन किया गया। यात्रा के दौरान जगह जगह श्रद्धालुओं के द्वारा भव्य स्वागत किया गया और भक्तिमय भजनों से संपूर्ण वातावरण शिवमय हो गया। कलश यात्रा एवं पूजन के पश्चात दोपहर २ बजे शिव महापुराण कथा का प्रारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिवस प्रयागराज उत्तर प्रदेश से पधारे कथा वाचक पं. चंद्रभूषण तिवारी शास्त्री महाराज ने पूजन, कलश यात्रा के महत्व तथा देवराज नामक ब्राह्मण की कथा का मार्मिक वर्णन किया। इसमें संगीतमय श्री शिव पुराण कथा का वाचन किया गया यह धार्मिक आयोजन १८ अगस्त से २५ अगस्त तक प्रतिदिन दोपहर २ बजे से शाम ५ बजे तक आयोजित किया जाएगा। इसमें १९ अगस्त को नारद की तपस्या का वर्णन एवं मोह तथा पश्चाताप की कथा ,२० अगस्त को बिंदुक और चंचुला की कथा ,२१ अगस्त को भगवान शिव एवं सती चरित्र की कथा, २२ अगस्त सती वृन्दा के चरित्र की कथा ,२३ अगस्त को शिव.पार्वती विवाह की कथा ,२४ अगस्त को द्वादश ज्योतिर्लिंग की कथा, २५ अगस्त को हवन एवं महाप्रसादी वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया की प्राचीन सिद्ध पीठ श्री शीतला माता मंदिर में आयोजित यह शिव महापुराण कथा संपूर्ण वारासिवनी नगर के लिए अत्यंत सौभाग्य और गर्व का विषय है। श्रावण मास के इस पावन अवसर पर नगर की सुख.शांति, समृद्धि और जन कल्याण की कामना को लेकर इस विशाल धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया है। कथा के प्रथम दिवस १८ अगस्त २०२६ को जिस प्रकार ५१ माताओं.बहनों ने पूर्ण भक्ति भाव से सिर पर कलश धारण कर भ्रमण किया,उसने पूरे नगर को भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया है। प्रयागराज से पधारे पूज्य कथा व्यास पं. चंद्रभूषण तिवारी शास्त्री महाराज के श्रीमुख से शिव महापुराण का श्रवण करना हम सभी के लिए एक दुर्लभ अवसर है। इस अवसर पर वारासिवनी एवं आसपास के सभी क्षेत्रों के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से हार्दिक अपील करता हूँ कि १८ अगस्त से २५ अगस्त २०२६ तक प्रतिदिन दोपहर २ बजे से शाम ५ बजे तक मंदिर प्रांगण में पधारकर कथा अमृत का पान करें। साथ ही २५ अगस्त को आयोजित पूर्णाहुति हवन एवं महाप्रसादी वितरण में सम्मिलित होकर इस भव्य आयोजन को सफल बनाने की अपील शीतला माता मंदिर समिति ने की हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here