लंदन: प्रशांत महासागर में एक बड़ा अल नीनो तैयार हो रहा है, जो अब तक का सबसे तेज हो सकता है। ब्रिटेन के मौसम विज्ञान विभाग ने इस बारे में चेतावनी देते हुए बताया कि इसके चलते 2027 अब तक का सबसे गर्म साल बन सकता है। वैज्ञानिकों का कहना है कि यह घटना पहले से ही दुनिया भर में मौसम के पैटर्न पर असर डाल रही है। भारत में इस साल दक्षिण-पश्चिमी मानसून में औसत से कम बारिश दर्ज की गई है। इसके साथ ही अटलांटिक में तूफानों की गतिविधि भी कम रही है।
ब्रिटेन के मौसम विज्ञान विभाग के प्रोफेसर एडम स्काइफ ने इसे अभूतपूर्व घटना बताया है। BBC से बातचीत में उन्होंने कहा, हमें साफ तौर पर समझना चाहिए कि यह एक अभूतपूर्व घटना है। मैंने अपनी भविष्यवाणियों में अल नीनों का इतना तेज संकेत कभी नहीं देखा।










































