हट्टा के समीप बीच बूढ़ी पुल पर हुआ दर्दनाक हादसा:दामाद को मामूली चोटें
बालाघाट। हट्टा थाना क्षेत्र के ग्राम बीच बूढ़ी के समीप शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां मोटरसाइकिल अनियंत्रित होने से ससुर-दामाद मोटरसाइकिल समेत पुल के नीचे पानी से भरे नाले में जा गिर गये। हादसे में ससुर के सिर में गंभीर चोट आने से जिला अस्पताल में मौत हो गई।जबकि दामाद को मामूली चोटें आई हैं।मृतक रामदास पिता श्यामलाल पांचे 65 वर्ष ग्राम रट्टा पायली थाना किरनापुर निवासी है। जबकि उसका दामाद दिलीप बाहे 40 वर्ष ग्राम कटंगी, किरनापुर निवासी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामदास पांचे अपने परिवार के साथ खेती किसानी करता था ।5 सितंबर को रामदास पांचे अपने दामाद दिलीप बाहे के साथ किसी काम से हट्टा आए थे। दोनों ने हट्टा में अपना काम पूरा किया और दोनों ससुर दामाद मोटरसाइकिल से वापस रट्टापायली के लिए रवाना हुए। मोटरसाइकिल रामदास पांचे चला रहे थे।शाम करीब 4:30 बजे दोनों ग्राम बीच बूढ़ी के समीप पुल से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और ससुर-दामाद मोटरसाइकिल सहित पुल के नीचे पानी से भरे नाले में जा गिरे। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल दोनों को नाले से बाहर निकाला। रामदास पांचे के सिर में गंभीर चोट लगी थी। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल रामदास पांचे को जिला अस्पताल बालाघाट पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।वहीं हादसे में दिलीप बाहे को मामूली चोटें आईं। जो मोके से वह अपने गांव रट्टापायली चले गए। पुलिस ने मृतक रामदास पांचे के शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखवा दिया है। शव का पोस्टमार्टम 6 सितंबर को किया जाएगा।
खेती-किसानी से परिवार का करते थे भरण-पोषण
मृतक रामदास पांचे खेती-किसानी का काम करते थे। उनके परिवार में चार बेटे और दो बेटियां हैं। सभी बच्चों की शादी हो चुकी है। हादसे में रामदास की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।










































