लॉस एंजेलिस में आयोजित ऑल-इन समिट में एनवीडिया के CEO जेन्सन हुआंग मंच पर बात कर रहे थे कि तभी राष्ट्रपति ट्रंप ने कॉल लगा दिया। मजेदार बात रही कि हुआंग ने स्पीकर ऑन कर दिया। मौके का फायदा उठाकर ट्रंप ने दर्शकों से मुखातिब होते हुए कहा कि AI को लेकर दर्शायी जा रही चिंताएं होक्स यानी कि सिर्फ छलावा है, इन्हें लेकर परेशान होने की जरूरत नहीं है।
AI से इंसानों को खतरा है या नहीं इस बात से ऊपर उन्होंने इस चीज को रखा कि अगर AI को लेकर अमेरिका अपनी रफ्तार कम करता है, तो इससे सिर्फ चीन का फायदा होगा।
एनवीडिया के सीईओ जेन्सन हुआंग लॉस एंजेलिस के एक समिट में पैनल डिस्कशन में बैठे थे कि तभी उन्हें ट्रंप का कॉल आया। हुआंग ने कॉल उठाते हुए कहा कि राष्ट्रपति की वजह से ही उन्होंने मंच पर उनका फोन उठाया है।
इस पर ट्रंप ने चुटकी लेते हुए कहा कि जिंदगी की खूबसूरती देखिए कि जेन्सन दुनिया की सबसे जटिल चिप बना सकते हैं जिसे 10 साल तक कोई कॉपी नहीं कर सकता, लेकिन वह मुझे स्पीकर पर डालना नहीं समझ पा रहे।
इसके बाद बातचीत सीधे एआई के भविष्य और उसकी नीतियों पर केंद्रित हो गई।












































