क्या भारत में सैटेलाइट फोन बैन हैं? यह सवाल तब उठा, जब रविवार को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर एयरपोर्ट पर अमेरिका के एक नागरिक को सैटेलाइट फोन रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा, अमेरिका के एक और नागरिक को भी हिरासत में लिया गया था, लेकिन पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। ऐसा पहली बार नहीं है, जब भारत में किसी विदेशी नागरिक को सैटेलाइट फोन का इस्तेमाल करते हुए गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले भी ऐसा हुआ चुका है, लेकिन हालिया मामले से कहीं ना कहीं लोगों के मन में ये सवाल आ सकता है कि देश में सैटेलाइट फोन बैन हैं और अगर नहीं तो इसका इस्तेमाल करने पर गिरफ्तारी क्यों हुई।
क्या भारत में बैन हैं सैटेलाइट फोन?
भारत में सैटेलाइट फोन पूरी तरह से बैन नहीं हैं। हालांकि, हर कोई इनका इस्तेमाल नहीं कर सकता है, लेकिन कानूनी तौर पर इन पर प्रतिबंध भी नहीं है। इनके इस्तेमाल पर काफी कड़ी पाबंदियां है। दरअसल, टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 के अनुसार, बिना लाइसेंस या टेलीकम्युनिकेशन विभाग (DoT) से ‘नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट’ (NOC) लिए देश में सैटेलाइट फोन का कानूनी तौर पर इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। आम तौर पर सिर्फ BSNL (Inmarsat) द्वारा दी जाने वाली सैटेलाइट सेवाओं के परमिट के साथ ही इसका इस्तेमाल करने की परमिशन होती है। Thuraya और Iridium जैसे किसी भी दूसरे सैटेलाइट फोन का इस्तेमाल पूरी तरह से बैन है।













































