पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय से सटी ग्राम पंचायत मानपुर में एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। जहां महज १४ वर्ष की एक किशोरी ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मानपुर के बालाघाट रोड निवासी अजय दुबे की दूसरे नंबर की बेटी राधिका दुबे १४ वर्षीय जो कक्षा ८ वीं की छात्रा थी। रविवार की शाम को घर पर ही थी। शाम करीब ७ बजे राधिका का अपने छोटे भाई से किसी बात को लेकर कहसुनी हो गई थी। उस समय मां ने बीच-बचाव कर बच्चों को शांत करवा दिया था। जिसके बाद राधिका मकान की दूसरी मंजिल सेकंड फ्लोर पर बने कमरे में चली गई। जब काफी देर तक वह नीचे नहीं आई तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने ऊपर जाकर देखा तो राधिका फंदे पर लटकी हुई थी। जिसके बाद परिजन घबरा गये और दरवाजा खोलकर उसे नीचे उतारकर तत्काल लालबर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्यवाही करने के बाद रात हो जाने के कारण दुसरे दिन मृत बच्चीं का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया है। जिसका मानपुर स्थित मोक्षधाम में शोकाकुल माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। वहीं आशंका जताई जा रही है कि नाबालिग बालिका ने किसी अज्ञात मानसिक तनाव में आकर यह आत्मघाती कदम उठाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।










































