भोपाल। भोपाल मेट्रो प्रोजेक्ट में एक बड़ा बदलाव सामने आया है। वर्ष 2015 में तैयार की गई पुरानी डीपीआर में एक बड़ी चूक सामने आने के बाद अब प्रोजेक्ट से दो प्रमुख स्टेशनों को हटा दिया गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब ग्राउंड पर दोबारा सर्वे कराया गया, तब जाकर इस तकनीकी गड़बड़ी का खुलासा हुआ। अब भोपाल मेट्रो में 29 की जगह केवल 27 स्टेशन ही बनाए जाएंगे।
एमपी मेट्रो के एमडी एस. कृष्ण चैतन्य ने बताया कि भोपाल रेलवे स्टेशन के पास वर्तमान में थ्री-लेन (तीन लाइन) है और चौथी लाइन बिछाने का काम चल रहा है। इसके मद्देनजर जब टेंडर के बाद दोबारा सर्वे कर तकनीकी पहलुओं को जांचा गया, तो सामने आया कि ऐशबाग में मेट्रो स्टेशन बनाना व्यावहारिक नहीं है। कार्यस्थल की तकनीकी चुनौतियों और जगह की कमी के कारण ऐशबाग स्टेशन को हटाने का फैसला करना पड़ा।










































