यूएनजीए के 81वें सत्र की शुरुआत आठ सितंबर से हो रही है जबकि 193 सदस्यों वाली महासभा के चर्चा सत्र का आयोजन 22 से 28 सितंबर के बीच होगा। कार्यक्रम के अनुसार जयशंकर का संबोधन 26 सितंबर को दोपहर बाद हो सकता है।S Jaishankar UNGA Address: विदेश मंत्री एस जयशंकर 26 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र को संबोधित करेंगे। वक्ताओं की शुक्रवार को संशोधित अस्थायी सूची के मुताबिक संबोधन का उनका क्रम 26 सितंबर को आएगा। यूएनजीए के 81वें सत्र की शुरुआत आठ सितंबर से हो रही है जबकि 193 सदस्यों वाली महासभा के चर्चा सत्र का आयोजन 22 से 28 सितंबर के बीच होगा। कार्यक्रम के अनुसार जयशंकर का संबोधन 26 सितंबर को दोपहर बाद हो सकता है।
22 सितंबर को होगा ट्रंप का संबोधन
पिछले साल भी जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र के मंच से वैश्विक नेताओं को संबोधित किया था। आम चर्चा की शुरुआत 22 सितंबर को होगी और पहला संबोधन ब्राजील का होगा, जिसके बाद अमेरिका अपनी बात रखेगा। संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र की अध्यक्षता बांग्लादेश करेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 22 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा के प्रतिष्ठित मंच से विश्व नेताओं को संबोधित करेंगे। अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास और कार्यालय ’व्हाइट हाउस’ में अपने दूसरे कार्यकाल के दौरान संयुक्त राष्ट्र में यह ट्रंप का दूसरा संबोधन होगा।
बैठक पर युद्ध एवं तनाव का छाया
इस वर्ष का सत्र दुनिया भर में जारी भू-राजनीतिक संघर्षों के बीच हो रहा है। इनमें ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजराइल का महीनों से जारी युद्ध भी शामिल है, जिसका ग्लोबल साउथ के देशों के साथ-साथ सबसे कम विकसित देशों पर भी गंभीर असर पड़ा है। होर्मुज जलडमरूमध्य में लगातार जारी व्यवधान के कारण खाद्य और ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी से इन देशों पर संकट और गहरा गया है। संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के सत्र के दौरान कई महत्वपूर्ण बैठकें प्रस्तावित हैं। इनमें विकास के अधिकार संबंधी घोषणा की 40वीं वर्षगांठ के अवसर पर उच्चस्तरीय बैठक और जलवायु कार्रवाई तथा न्यायसंगत बदलाव पर बैठक शामिल है।25 सितंबर को पाकिस्तान का संबोधन
इसके अलावा, समुद्र के बढ़ते जलस्तर से पैदा हो रहे अस्तित्व के खतरे से निपटने के लिए उच्चस्तरीय बैठक, महामारी की रोकथाम, तैयारी और प्रतिक्रिया पर बैठक तथा परमाणु हथियारों के पूर्ण उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर विशेष पूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बांग्लादेश और नेपाल के सरकार प्रमुख 24 सितंबर को महासभा की आम बहस को संबोधित करेंगे। इसके अगले दिन यानी 25 सितंबर को पाकिस्तान अपनी बात रखेगा। यह वर्तमान संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के लिए संयुक्त राष्ट्र महासभा का आखिरी उच्चस्तरीय सत्र भी होगा। वैश्विक संगठन के प्रमुख के रूप में उनका दूसरा पांच वर्षीय कार्यकाल इस साल दिसंबर में समाप्त हो रहा है।










































