नई दिल्ली: दिग्गज कारोबारी अनिल अग्रवाल की कंपनी वेदांता एल्युमिनियम का पहली तिमाही में शानदार प्रदर्शन रहा। इसे देखते हुए घरेलू और विदेशी ब्रोकरेज कंपनियों ने इसका टारगेट प्राइस बढ़ा दिया है। इन ब्रोकरेज कंपनियों ने शेयर के लिए ₹520 से ₹600 तक का टारगेट प्राइस सेट किया है जो इसके मौजूदा बाजार भाव से 17% से 35% अधिक है। आज कंपनी के शेयर में मामूली गिरावट आई है। बीएसई पर कारोबार के दौरान यह 458.10 रुपये तक गिरा।
एनालिस्ट्स का मानना है कि कंपनी की क्षमता बढ़ाने की योजनाएं, लागत में सुधार, कच्चे माल के लिए अपनी व्यवस्था मजबूत करना और वैल्यू-एडेड उत्पादों की बढ़ती हिस्सेदारी से बेहतर नकदी प्रवाह, कंपनी की कमाई को आने वाले कई वर्षों तक बढ़ाने में मदद कर सकते हैं। आईसीआईसीआई डायरेक्ट ने शेयर के लिए ₹600 का टारगेट प्राइस तय किया है जो इसके मौजूदा बाजार भाव से करीब 35% अधिक है। ब्रोकरेज का मानना है कि उत्पादन क्षमता बढ़ाने, वैल्यू-एडेड उत्पादों की हिस्सेदारी बढ़ने और मुनाफे में सुधार के कारण कंपनी भारत में एल्युमिनियम की बढ़ती मांग का फायदा उठाने की अच्छी स्थिति में है।










































