पदमेश न्यूज़, बालाघाट। जिला तैराकी संघ बालाघाट द्वारा रविवार 24 मई 2026 को 37वीं जिला स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन ग्राम डोंगरिया स्थित ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल के स्वीमिंग पूल में संपन्न हुआ, जहां जिलेभर से पहुंचे जूनियर, सब जूनियर एवं सीनियर वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रातः 7 बजे किया गया। सुबह से ही खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने तैराकी की अलग-अलग स्पर्धाओं में अपनी गति, तकनीक और कौशल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। पूरे दिन चले मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण बना रहा।तैराकी प्रतियोगिता विभिन्न विधाओं में फ्री स्टाईल, बैक स्टोक, ब्रेस्ट स्टोक एवं बटर फ्लाई तथा रेले जो कि बालक – बालिका जूनियर ग्रुप एवं सब जूनियर ग्रुप और सीनियर खिलाडी की उम्र अनुसार ग्रुप ,सीनियर आयु 17 से 18 वर्ष, ग्रुप।। – आयु 15 से 16 वर्ष, ग्रुप।।। आयु13 से 14 वर्ष एवं ग्रुप IV आयु 11 से 12 वर्ष ग्रुप V आयु 9 से 10 वर्ष में भाग लेकर अपने खेल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।जहा समस्त तैराकी प्रतियोगिताएं जबलपुर से आए एन.आई.एस. तैराकी कोच प्रशांत कुशवाहा, योगेन्द्र सिंह ठाकुर, कु अनिता पन्द्राम के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई। तैराकी प्रतियोगिताएं 25 मीटर, 50 मीटर, 100 मीटर, 200 मीटर में सम्पन्न हुई। इस दौरान तैराकी संघ के अध्यक्ष संजीव अग्रवाल भाउ, सचिव महेन्द्र सुराना उपाध्यक्ष नितेन्द्र श्रीवास्तव, शिव मुनेश्वर, लक्ष्मी नागेश्वर, संदीप सिंह चंदेल, सुरेश रंगलानी राजेश वर्मा, कोषाध्यक्ष कृष्ण कुमार अग्रवाल, उत्पान सिंह ठाकुर, संजय भोयरकर सुनिल सुनहरी, मनोहर इसरानी, ज्ञानीराम बाहे, संजीव चीनू जैन, विनोद तेजवानी मनीष सोनी, मोती दत्ता, रामप्रसाद डहरिया, महेन्द्र रामटेककर, दीपक कसार, श्रीमती सुषमा नाविक, श्रीमती ज्योति रहांगडाले, श्रीमती स्वाती टेम्भरे सहित अन्य पदाधिकारी सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
चयनित खिलाड़ी, राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में होंगे शामिल
जिला तैराकी संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य जिले में तैराकी खेल को बढ़ावा देना, नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी क्षमता निखारने और प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला।शाम 5 बजे समापन एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।बताया गया कि जिला स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी / तैराक इस वर्ष रीवा शहर में स्थित मिहिर सेन तरण ताल सिविल लाईन्स रीवा में दिनांक 30 मई से 03 जून तक आयोजित 54 वीं राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता/चैम्पियनशिप 2026 में बालाघाट टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे एवं राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे।










































