40 लाख की कमाई और 3.32 करोड़ की संपत्ति, लोकायुक्त जांच में सहकारी समिति प्रबंधक की संपत्ति का बड़ा खुलासा

0

धार में सहकारी समिति प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के ठिकानों पर लोकायुक्त की छापेमारी में संपत्ति का आंकड़ा बढ़कर 3.32 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। करीब 20 साल की नौकरी में 40 लाख रुपये वेतन पाने वाले प्रबंधक की संपत्ति और खर्च का हिसाब जांच एजेंसी खंगाल रही है…

हाइलाइट्स

  • लोकायुक्त के मुताबिक अब तक 3.32 करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति का अनुमान
  • शुरुआती जांच में 271 प्रतिशत का आंकड़ा शाम तक बढ़कर 731 प्रतिशत हुआ
  • मकान, कृषि भूमि, व्यावसायिक भवन, जेसीबी, ट्रैक्टर और कार भी जांच के दायरे में

धार: जिले में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति नालछा के प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के ठिकानों पर लोकायुक्त इंदौर की छापेमारी में अब तक करोड़ों रुपए की संपत्ति सामने आ चुकी है। बुधवार सुबह जब लोकायुक्त की तीन टीमों ने एक साथ शेरसिंह के अलग-अलग ठिकानों पर सर्च शुरू की थी तब शुरुआती जांच में आय से 271 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने का अनुमान लगाया गया था। दिनभर चली जांच के बाद शाम को लोकायुक्त ने जो नया ब्योरा जारी किया उसमें यह आंकड़ा बढ़कर 731 प्रतिशत पहुंच गया। यानी अब तक की जांच में करीब 3 करोड़ 32 लाख 61 हजार रुपए का अनुपातहीन व्यय सामने आया है।

लोकायुक्त की टीम ने बुधवार सुबह ग्राम सोड़पुर, नालछा और मांडव में शेरसिंह ठाकुर से जुड़े ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई शुरू की थी। जांच के दौरान मकान, जमीन, वाहन, घरेलू सामान, सोने-चांदी के आभूषण और नकदी का हिसाब जुटाया गया। शुरुआती जानकारी में सामने आया था कि करीब 20 साल की नौकरी में उन्हें वेतन के रूप में लगभग 40 लाख रुपए मिले जबकि इस दौरान उनके खर्च और संपत्तियों का मूल्य इससे काफी ज्यादा मिला था।

शाम तक घर के सामान की कीमत 1.22 करोड़ से ज्यादा निकली

लोकायुक्त की शाम को जारी जानकारी के मुताबिक सर्च के दौरान शेरसिंह ठाकुर के घर में मिले सामान की इन्वेंट्री तैयार की गई जिसकी कीमत 1 करोड़ 22 लाख 69 हजार 200 रुपए आंकी गई है। इसके अलावा सोने-चांदी के आभूषण और नकदी मिलाकर 6 लाख 72 हजार 655 रुपए की जानकारी सामने आई है।

ग्राम नालछा स्थित मकान में मिले सामान की कीमत 1 लाख 14 हजार 450 रुपए आंकी गई जबकि ग्राम सोड़पुर स्थित पैतृक मकान में 6 लाख 35 हजार 340 रुपए का सामान मिला है। इन सभी का अलग-अलग हिसाब तैयार किया गया है। लोकायुक्त की टीम संपत्तियों और सामान के दस्तावेजों का मिलान भी कर रही है।

मकान, कृषि जमीन और वाहनों में भी लगाया पैसा

सुबह की जांच में ग्राम सोड़पुर में 0.1520 हेक्टेयर जमीन पर बने दो मंजिला मकान की जानकारी सामने आई थी। करीब 2400 वर्गफीट में बने इस मकान के लिए जमीन खरीदने और निर्माण पर लगभग 97 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान लगाया गया है।

इसके अलावा नालछा में मांडव रोड स्थित सोड़पुर तिराहे पर करीब 1350 वर्गफीट का एक व्यावसायिक भवन भी मिला है। इसकी कीमत लगभग 20 लाख रुपए आंकी गई है। जांच में पत्नी कविता ठाकुर के नाम पर कृषि जमीन खरीदे जाने की जानकारी भी मिली है। ग्राम सोड़पुर में 0.645 हेक्टेयर और मांडव में 2.526 हेक्टेयर कृषि भूमि होने की बात सामने आई है। इनकी अनुमानित कीमत क्रमश: 8 लाख और 42 लाख रुपए बताई गई है।

जेसीबी, ट्रैक्टर और कार भी जांच के दायरे में

लोकायुक्त को शेरसिंह ठाकुर के पास जेसीबी, महिंद्रा ट्रैक्टर, महिंद्रा टीयूवी, ऑल्टो कार और बुलेट मोटरसाइकिल सहित कई वाहन मिले हैं। इनकी खरीद पर करीब 53 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है। इसके अलावा खेती में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और ट्रॉलियां भी जांच में शामिल हैं। एक अन्य भवन को भी संभावित बेनामी संपत्ति मानकर उसके दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here