नई दिल्ली: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में मैक्सिको की टीम ने इतिहास रच दिया है। राउंड ऑफ 32 के नॉकआउट मुकाबले में मैक्सिको ने इक्वाडोर को 2-0 से शिकस्त देकर 40 साल बाद वर्ल्ड कप के नॉकआउट दौर में अपनी पहली जीत दर्ज की। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही स्टेडियम में मौजूद हजारों फैंस जश्न में डूब गए। वहीं मेक्सिको की टीम प्रीकार्टर फाइनल का टिकट हासिल करने में कामयाब रही।
पहले हाफ से ही मैक्सिको ने किए हमले
मैक्सिको ने पहले हाफ में ही मैच को पूरी तरह अपने नियंत्रण में ले लिया। टीम ने महज 9 मिनट के भीतर दो शानदार गोल दागकर इक्वाडोर को बैकफुट पर धकेल दिया। मैच का पहला गोल जूलियन क्विनोनेस (22 मिनट) ने किया, जो इस टूर्नामेंट में उनका तीसरा गोल है। इसके ठीक बाद स्टार खिलाड़ी राउल जिमेनेज (31 मिनट) ने बेहतरीन स्ट्राइक के जरिए टीम की बढ़त को 2-0 कर दिया। जिमेनेज का यह इंटरनेशनल करियर का 47वां गोल था, जिसके साथ ही वह देश के सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे नंबर पर आ गए हैं।









































