Motorola ने भारतीय बाजार में अपना नया बजट 5G स्मार्टफोन Moto G77 Power लॉन्च कर दिया है। यह फोन कंपनी की G-सीरीज का नया मॉडल है और इसकी सबसे बड़ी खासियत 7,000mAh की बड़ी बैटरी है, जिसे लेकर कंपनी का दावा है कि यह एक बार चार्ज करने पर 59 घंटे तक का बैटरी बैकअप दे सकती है। इसके अलावा फोन में 50MP Sony कैमरा, 120Hz डिस्प्ले और MediaTek Dimensity 6400 प्रोसेसर दिया गया है।
भारत में कीमत और सेल डेट
Moto G77 Power के 8GB RAM + 128GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 25,999 रुपये रखी गई है। वहीं, 4GB RAM + 128GB मॉडल की कीमत का अभी खुलासा नहीं किया गया है। कंपनी लॉन्च ऑफर के तहत 2,000 रुपये का बैंक डिस्काउंट भी दे रही है। यह स्मार्टफोन 13 जुलाई से Flipkart और Motorola India की आधिकारिक वेबसाइट पर बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। फोन को चार Pantone-प्रेरित रंगों में लॉन्च किया गया है जिनमें Pantone Fuchsia Red, Pantone Impenetrable, Pantone Laurel Green और Pantone Nautical Blue शामिल हैं।
120Hz डिस्प्ले और Android 16 का मिलेगा साथ
Moto G77 Power में 6.72 इंच का Full HD+ LCD डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रेजोल्यूशन 1080×2400 पिक्सल है। डिस्प्ले 120Hz रिफ्रेश रेट, 120Hz टच सैंपलिंग रेट और 1,050 निट्स पीक ब्राइटनेस को सपोर्ट करता है। यह स्मार्टफोन Android 16 आधारित Hello UI पर चलता है।
कंपनी इसमें 1 साल का Android OS अपडेट और 3 साल के सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा कर रही है। फोन में 6nm MediaTek Dimensity 6400 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर दिया गया है, जिसकी अधिकतम क्लॉक स्पीड 2.5GHz है। इसके साथ ARM Mali-G57 MP2 GPU, 8GB LPDDR4X RAM और 128GB UFS 2.2 स्टोरेज मिलती है। सिक्योरिटी के लिए इसमें साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट स्कैनर और फेस अनलॉक फीचर भी मौजूद है।
50MP Sony कैमरा के साथ मिलेगा अल्ट्रा-वाइड लेंस
फोटोग्राफी के लिए Moto G77 Power में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है, जिसमें 50MP Sony LYT-600 प्राइमरी कैमरा और 8MP अल्ट्रा-वाइड कैमरा (120 डिग्री फील्ड ऑफ व्यू) शामिल हैं। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 32MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है। यह स्मार्टफोन 2K रिजॉल्यूशन में 30fps तक वीडियो रिकॉर्डिंग को सपोर्ट करता है।
7,000mAh बैटरी बनी सबसे बड़ी ताकत
Moto G77 Power की सबसे बड़ी खासियत इसकी 7,000mAh बैटरी है। कंपनी के मुताबिक, यह सामान्य इस्तेमाल में 59 घंटे तक का बैकअप दे सकती है। फोन में 30W फास्ट चार्जिंग के साथ 6W रिवर्स वायर्ड चार्जिंग का भी सपोर्ट मिलता है, जिससे जरूरत पड़ने पर दूसरे डिवाइस भी चार्ज किए जा सकते हैं।
कनेक्टिविटी और अन्य फीचर्स
कनेक्टिविटी के लिए स्मार्टफोन में 5G और 4G LTE, डुअल-बैंड Wi-Fi, Bluetooth 5.4, USB Type-C पोर्ट, GPS, GLONASS, Galileo, QZSS और BeiDou का सपोर्ट दिया गया है। इसके अलावा फोन को IP64 रेटिंग मिली है, जिससे यह धूल और पानी की हल्की छींटों से सुरक्षित रहता है।













































