बीएससी नर्सिंग छात्राओं का मामला भोपाल पहुंचा, काउंसिल ने 8 दिन में समाधान का दिया आश्वासन,

0

सरदार पटेल यूनिवर्सिटी की लगभग 47 नर्सिंग छात्राओं द्वारा उठाया गया डिग्री और रजिस्ट्रेशन का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। छात्राओं ने हाल ही में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर शिकायत की थी कि बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई पूरी करने और डिग्री मिलने के बावजूद मध्य प्रदेश नर्सिंग काउंसिल की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन के दौरान यूनिवर्सिटी का नाम प्रदर्शित नहीं हो रहा है, जिससे उनका भविष्य अधर में लटक गया है। मामले को लेकर छात्राओं ने जिला मुख्यालय से लेकर राजधानी भोपाल तक अपनी आवाज उठाई। इस दौरान उन्होंने जीतू पटवारी से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया। इसके बाद उनके माध्यम से छात्राएं उपमुख्यमंत्री और नर्सिंग काउंसिल की अध्यक्ष से भी मिलीं, जहां से उन्हें तकनीकी त्रुटि सुधार कर 8 दिनों के भीतर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कराने का आश्वासन दिया गया है। इधर छात्राओं की ओर से लगातार इस मुद्दे को उठा रहे सौरभ लोधी ने साफ चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो यूनिवर्सिटी के मुख्य द्वार के सामने धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर छात्र-छात्राएं सड़कों पर उतरकर चक्का जाम करने के लिए भी तैयार हैं। संबंधित विभागों की ओर से मिले आश्वासन के बाद छात्राएं समाधान की प्रतीक्षा कर रही हैं, लेकिन समय सीमा पूरी होने के बाद आंदोलन की स्थिति बनने के आसार भी नजर आ रहे हैं।

बीएससी नर्सिंग कर चुकी छात्राओं का रजिस्ट्रेशन संकट मामला अब राजधानी भोपाल तक पहुंच गया है। लाखों रुपए खर्च कर साढ़े चार वर्षों में पढ़ाई पूरी करने के बाद जब छात्राएं नर्सिंग काउंसिल की वेबसाइट पर पंजीयन के लिए पहुंचीं, तो उनके कॉलेज और यूनिवर्सिटी का नाम ही पोर्टल पर प्रदर्शित नहीं हुआ। इससे छात्र-छात्राओं में हड़कंप मच गया और उन्हें अपने साथ धोखाधड़ी होने की आशंका होने लगी। बताया जा रहा है कि डिग्री मिलने के बावजूद पंजीयन न हो पाने से छात्राएं न तो शासकीय नौकरियों के लिए आवेदन कर पा रही थीं और न ही निजी अस्पतालों में उन्हें अपेक्षित अवसर मिल रहे थे। मामले के सामने आने के बाद छात्राओं ने ओबीसी महासभा के पदाधिकारी सौरभ लोधी से संपर्क किया। सौरभ लोधी ने इस पूरे मामले को जिला प्रशासन के सामने रखा, लेकिन प्रशासन ने इसे निजी यूनिवर्सिटी से जुड़ा मामला बताते हुए सबंधित विभाग से हस्तक्षेप की बात कही। इसके बाद सौरभ लोधी और उनकी टीम छात्राओं को लेकर भोपाल पहुंचे और मामला प्रदेश स्तर पर उठाया गया। भोपाल में छात्राओं ने अपनी समस्या प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के समक्ष रखी। उन्होंने तत्काल इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उप मुख्यमंत्री से चर्चा की और छात्राओं को साथ लेकर मध्यप्रदेश नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल की अध्यक्ष डॉ. बीनू कुशवाहा से मुलाकात कराई। मुलाकात के दौरान छात्राओं ने अपनी पूरी समस्या विस्तार से रखी। जिसमे यह बात सामने आई कि संबंधित कॉलेज द्वारा आवश्यक दस्तावेज और एनओसी जारी नहीं किए जाने के कारण ही छात्राओं का पंजीयन अटक रहा है। काउंसिल अध्यक्ष डॉ. बीनू कुशवाहा ने छात्राओं को आश्वस्त किया कि उनकी समस्या का समाधान 7 दिनों के भीतर किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिए कि इस लापरवाही और छात्रों को हुई परेशानी के लिए संबंधित कॉलेज के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। छात्राओं ने कहा कि वे लंबे समय से इस समस्या से जूझ रही हैं और अब उन्हें उम्मीद है कि जल्द समाधान होगा। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि तय समय सीमा में समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगी। सौरभ लोधी ने कहा कि यदि छात्राओं के साथ न्याय नहीं हुआ तो वे डोंगरिया स्थित यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट पर धरना प्रदर्शन करेंगे और जरूरत पड़ने पर चक्का जाम जैसे आंदोलन भी किए जाएंगे। छात्राओं को काउंसिल से मिले आश्वासन के बाद कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन अब सभी की नजर आगामी 7 दिनों पर टिकी हुई है कि समस्या का समाधान होता है या नहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here