बालाघाट। जिले के बिरसा थाना क्षेत्र में मवेशी व्यापारियों के साथ लूटपाट, मारपीट और धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम भटलई निवासी मवेशी व्यापारी संतोष गौतम ने पत्रकार हिमांशु जैन, विजय चौधरी सहित चार लोगों पर रास्ता रोककर चाकू की नोक पर 70 हजार रुपये लूटने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना 17 मई की सुबह करीब 5:30 बजे ग्राम कनिया मेन रोड पर हुई।मामले में बिरसा पुलिस ने हिमांशु जैन निवासी आजाद चौक बालाघाट, विजय चौधरी निवासी भटेरा चौकी, तथा भूरा और निखिल निवासी कोसमी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने हिमांशु जैन और विजय चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ से मवेशी खरीदकर लौट रहे थे व्यापारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार संतोष गौतम अपने पार्टनर बलिराम साहू निवासी अजगरा के साथ वर्षों से भैंस और बोदा (गैस पाड़ा) खरीदने-बेचने का कारोबार करते हैं। दोनों व्यापारी बिरसा, मलाजखंड सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न हाट बाजारों से मवेशी खरीदकर मध्यप्रदेश के बाजारों में बेचते हैं।बताया गया कि 15 और 16 मई को उन्होंने छत्तीसगढ़ के गोलरडीह (छुईखदान) और सहसपुर (लोहार) क्षेत्र से आठ नग बोदा खरीदे थे। इनकी खरीदी की रसीदें बलिराम साहू के नाम पर थीं।
शनिवार 17 मई की रात करीब 2 बजे संतोष गौतम अपने मजदूर दसरू और रूपलाल के साथ मवेशियों को लेकर दमोह हाट बाजार के लिए रवाना हुआ था। आरोप है कि सुबह करीब 5:30 बजे ग्राम कनिया रोड पर पहले से मौजूद हिमांशु जैन, विजय चौधरी, भूरा और निखिल ने उनका रास्ता रोक लिया।
धंधा करना है तो पैसे देने पड़ेंगे
पीड़ित संतोष गौतम के अनुसार, आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि यदि छत्तीसगढ़ से मवेशी लाकर मध्यप्रदेश में बेचने का काम करना है तो पैसे देने पड़ेंगे। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने व्यापारी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि इसी दौरान संतोष गौतम की जेब में रखे 70 हजार रुपये जबरन निकाल लिए गए। साथ ही चाकू दिखाकर धमकी दी गई कि यदि पुलिस में शिकायत की तो जान से मार दिया जाएगा।संतोष गौतम ने आरोप लगाया कि 70 हजार रुपये हिमांशु जैन ने अपने पास रख लिए, जबकि विजय चौधरी ने अतिरिक्त 20 हजार रुपये की मांग भी की। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों के पास एक सफेद स्कॉर्पियो और एक सफेद हुंडई कार थी, जिसका नंबर MP 04 CV 7542 बताया गया है।
मवेशियों की रसीदें भी छीनीं
पीड़ित व्यापारी का आरोप है कि आरोपियों ने उसकी जेब से ग्राम पंचायत गोलरडीह और सहसपुर के सरपंच द्वारा जारी मवेशियों की खरीदी संबंधी रसीदें भी छीन लीं।
घटना के बाद संतोष गौतम ने तत्काल जनपद सदस्य बीपत राठौर को फोन कर जानकारी दी। बताया गया कि जब बीपत राठौर मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी बीच में नहीं पड़ने की धमकी दी।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और व्यापारी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और धक्का-मुक्की व मारपीट की स्थिति बन गई। इसके बाद ग्रामीणों और व्यापारियों ने हिमांशु जैन और विजय चौधरी को पकड़कर दमोह ले गए तथा पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलने पर बिरसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाना ले गई।
मारपीट में व्यापारी और मजदूर घायल-
अपराध दर्ज
मारपीट में संतोष गौतम के दाहिने पैर के घुटने सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। वहीं उसके मजदूर दसरू को भी पीठ और कमर में चोट पहुंचने की जानकारी सामने आई है।बिरसा पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(B), 115(2), 351(3), 225, 3(5) और 309(6) के तहत मामला दर्ज किया है।फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी हिमांशु जैन और विजय चौधरी से पूछताछ कर रही है। जबकि फरार आरोपियों भूरा और निखिल की तलाश जारी है।










































