बालाघाट/
मलाजखंड थाने के ग्राम पौनी में हैदराबाद मजदूरी पर साथ चलने से इनकार करने पर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को लोहे की सरिया से बेरहमी से मारपीट कर घायल कर दिया । और हैदराबाद नहीं चलने पर उसे जान से मार डालने की धमकी दे दी। मलाजखंड पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसके पति के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।
ग्राम पोनी निवासी 30 वर्षीय संतोषी शिव अपने पति मनोज शिव, दो बच्चों और सास लक्ष्मी के साथ रहती है। पति मनोज अक्सर किसी न किसी बात पर संतोषी से झगड़ता और मारपीट करते रहता था। 17 मई की सुबह 10:30 बजे मनोज ने पत्नी संतोषी से कहा कि हमको परिवार सहित हैदराबाद कमाने चलना है। संतोषी ने हैदराबाद जाने से मना करते हुए कही तुम हैदराबाद अकेले चले जाओ। तुम यहां भी मुझसे झगड़ा करते रहते हो।हैदराबाद ले जाकर भी मुझे लड़ाई झगड़ा मारपीट करते रहोगे। यह सुनते ही मनोज आगबूला हो गया। गाली-गलौज करने लगा। संतोषी के घर के अंदर से बाहर आंगन में आते ही मनोज ने उसे पर लोहे की सरिया उठाकर उस पर हमला कर दिया। संतोषी के चिल्लाने पर सास लक्ष्मी, चाचा ससुर मच्चू सिंह, जेठ दिनेश शिव और पड़ोसियों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया।
बीच-बचाव के बाद मनोज ने संतोषी को धमकाते हुये बोला आज तो ये इन लोंगो ने बचा लिए। इसके बाद मनोज सिंह ने अपनी पत्नी संतोषी को अगली बार हैदराबाद जाने से मना करने पर जान से मार डालने की धमकी दे दी।मारपीट में घायल संतोषी दिनभर बुआ सास कौशल्या के घर रही। बाद में उनके साथ मलाजखंड थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
मलाजखंड पुलिस ने घायल संतोषी का बिरसा अस्पताल में इलाज कराया। संतोषी की रिपोर्ट पर आरोपी पति मनोज शिव के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।










































