सत्ता पक्ष के पार्षद ने रुकवाया नाला निर्माण कार्य, गुणवत्ता पर उठाए गंभीर सवाल,सत्ता पक्ष के पार्षद मनीष नेमा बोले, गुणवत्ता से समझौता नहीं, जरूरत पड़ी तो कलेक्टर से करेंगे शिकायत

0

शहर के कृष्णा डेयरी क्षेत्र में नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे नाली निर्माण कार्य को वार्ड क्रमांक 22 के पार्षद मनीष नेमा ने गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए रुकवा दिया। वार्डवासियों की शिकायत के बाद मौके पर पहुंचे पार्षद ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है तथा तकनीकी कर्मचारियों की जगह गैर-तकनीकी लोगों से काम कराया जा रहा है। पार्षद मनीष नेमा ने कहा कि यदि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता के साथ नहीं किया गया तो वे पूरे मामले की शिकायत कलेक्टर से करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि वार्डवासियों के हितों से समझौता नहीं किया जाएगा और घटिया निर्माण को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। गौरतलब है कि इससे पहले भी सत्ता पक्ष के कुछ पार्षद नगर पालिका के कार्यों और व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठा चुके हैं। अब वार्ड क्रमांक 22 के पार्षद द्वारा निर्माण कार्य रुकवाए जाने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। नगर पालिका के भीतर ही विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर उठ रहे सवालों ने एक बार फिर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर बहस छेड़ दी है।

नगर पालिका में अब निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सवाल केवल विपक्ष तक सीमित नहीं रह गए हैं। पहले जहां कांग्रेस के पार्षद विकास कार्यों और निर्माण की गुणवत्ता को लेकर नगर पालिका प्रशासन को घेरते थे, वहीं पिछले कुछ महीनों से सत्ता पक्ष के कुछ पार्षद भी खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। इसी कड़ी में अब वार्ड क्रमांक 22 के पार्षद मनीष नेमा भी सामने आ गए हैं। रविवार को वार्ड क्रमांक 22 स्थित कृष्णा डेयरी रोड पर निर्माणाधीन नाले की गुणवत्ता को लेकर पार्षद मनीष नेमा ने खुलकर विरोध दर्ज कराया। बताया जा रहा है कि नगर पालिका स्वयं इस निर्माण कार्य की एजेंसी है और संबंधित ठेकेदार के माध्यम से नाले का निर्माण कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने पार्षद को सूचना दी कि नाला निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है तथा तकनीकी मानकों की अनदेखी की जा रही है। सूचना मिलते ही पार्षद मनीष नेमा निर्माण स्थल पर पहुंचे और कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य को तत्काल रुकवा दिया। पार्षद का आरोप है कि नाले का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा था और कार्य में तकनीकी गुणवत्ता का अभाव स्पष्ट दिखाई दे रहा था। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में प्रशिक्षित तकनीकी श्रमिकों के बजाय सामान्य मजदूरों से काम कराया जा रहा था, जिससे निर्माण की मजबूती और गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं। इसके अलावा नाले के भीतर से पाइपलाइन गुजरने जैसी स्थिति भी सामने आई, जिस पर उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई। मौके पर ही पार्षद ने निर्माण कार्य की खामियों को लेकर वीडियो बनाकर अपना विरोध दर्ज कराया, जो बाद में सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया। वीडियो के माध्यम से उन्होंने नगर पालिका प्रशासन और निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए तथा गुणवत्ता से समझौता नहीं किए जाने की बात कही। पद्मेश न्यूज़ से चर्चा करते हुए पार्षद मनीष नेमा ने बताया कि उन्हें वार्डवासियों द्वारा फोन कर निर्माण कार्य में अनियमितताओं की जानकारी दी गई थी। इसके बाद उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उनकी जिम्मेदारी है कि वार्ड में होने वाले प्रत्येक विकास कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में घटिया निर्माण कार्य स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि आवश्यकता पड़ी तो मामले की शिकायत जिला प्रशासन और कलेक्टर स्तर तक भी की जाएगी। उनका कहना था कि जिस मार्ग पर यह निर्माण कार्य हो रहा है वहां से भारी यातायात का आवागमन होता है और यदि निर्माण मजबूत नहीं हुआ तो भविष्य में गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। पार्षद ने मांग की है कि निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए तथा सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के बाद ही कार्य दोबारा शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता के पैसों से होने वाले विकास कार्यों में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से नगर पालिका के सत्ता पक्ष के ही कई पार्षद विभिन्न निर्माण कार्यों, सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। ऐसे में अब वार्ड क्रमांक 22 के निर्माण कार्य को लेकर उठे विवाद ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर चर्चा छेड़ दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here