Closing Bell 18 June 2026 : भारतीय शेयर बाजार लगातार 5वें दिन मजबूती में बंद हुआ हे। वहीं, सुबह कारोबार की शुरुआत में दबाव में दिख रहे Sensex और Nifty भी दिन चढ़ने के साथ तेजी में आए और हरे निशान में बंद हुए। बाजार को सबसे बड़ा सहारा कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, अमेरिका-ईरान के बीच शांति समझौते की दिशा में बढ़ती प्रगति और मजबूत वैश्विक संकेतों से मिला।
कारोबार के दौरान Sensex शुरुआती गिरावट से उबरकर करीब 250 अंक से ज्यादा मजबूत होकर 77,400 के ऊपर पहुंच गया, जबकि Nifty 24,150 के अहम स्तर को पार कर 24,168 के आसपास कारोबार करता दिखा। शुरुआती कारोबार में Sensex 77,044 तक फिसला था और Nifty भी 24,059 के स्तर तक आया था, लेकिन बाद में खरीदारी लौटने से दोनों प्रमुख सूचकांकों में रिकवरी देखने को मिली।
निफ्टी ने पार की बड़ी बाधा
तकनीकी नजरिए से Nifty ने 24,153 के महत्वपूर्ण स्तर के ऊपर मजबूती दिखाई है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह स्तर टिकाऊ रूप से पार रहता है तो अगला बड़ा लक्ष्य 24,465 के आसपास हो सकता है।
क्यों आई मजबूती?
जियोपॉलिटकल मोर्चे मिले पॉजिटिव संकेतों ने बाजार को सहारा दिया है। अमेरिका और ईरान के बीच शांति प्रक्रिया आगे बढ़ने की खबरों ने निवेशकों की चिंता कम की। बाजार को उम्मीद है कि इससे स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के आसपास तनाव घटेगा और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर जोखिम कम होगा।बाजार में तेजी की सबसे बड़ी वजह कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी रही। ब्रेंट क्रूड करीब 1.66% टूटकर 78 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया। भारत जैसे तेल आयातक देश के लिए सस्ता क्रूड महंगाई और राजकोषीय घाटे के मोर्चे पर राहत देता है, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ता है।
सेक्टोरल मार्केट का कैसा रहा प्रदर्शन?
सेक्टोरल प्रदर्शन की बात करें तो बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं, रियल्टी, हेल्थकेयर और पीएसयू बैंक शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। Nifty Bank करीब 0.66% चढ़ा, जबकि Nifty Financial Services में भी 0.67% की मजबूती दर्ज की गई। दूसरी ओर Nifty IT लगभग 1.2% टूटकर सबसे कमजोर सेक्टर रहा।
ब्रॉड मार्केट में तेजी का माहौल
ब्रॉड मार्केट में भी तेजी का माहौल रहा। Nifty Midcap 100 में 0.41%, Nifty Smallcap 100 में 0.44% और Nifty 500 में 0.42% की बढ़त दर्ज हुई। इससे संकेत मिलता है कि केवल बड़ी कंपनियों में ही नहीं बल्कि व्यापक बाजार में भी खरीदारी बनी रही।
FII से मिल रहा समर्थन
विदेशी निवेशकों की ओर से भी समर्थन मिला। एक दिन पहले FII ने भारतीय शेयरों में शुद्ध खरीदारी की थी, जिससे बाजार की धारणा मजबूत हुई। वहीं इंडिया VIX करीब 3.9% गिरकर 12.67 पर आ गया। VIX में गिरावट यह संकेत देती है कि निवेशक निकट भविष्य में कम उतार-चढ़ाव की उम्मीद कर रहे हैं।










































