सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले से रिश्तेदारों द्वारा ही जालसाजी कर करोड़ों रुपए की पैतृक जमीन हड़पने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गोपालगंज थाना पुलिस ने एक वरिष्ठ डॉक्टर की शिकायत पर गहन जांच के बाद उनके दो सगे रिश्तेदारों के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और आपराधिक षड्यंत्र रचने का मुकदमा दर्ज किया है। इस हाई-प्रोफाइल जालसाजी के सामने आने के बाद से ही इलाके के प्रॉपर्टी बाजार और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
बैतूल के वरिष्ठ डॉक्टर ने खोली अपनों की पोल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बैतूल के रहने वाले 73 वर्षीय वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ (आई स्पेशलिस्ट) डॉ. बसंत कुमार श्रीवास्तव ने इस मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। डॉ. श्रीवास्तव का आरोप था कि सागर के गोपालगंज क्षेत्र में स्थित उनकी करोड़ों रुपए मूल्य की कीमती पैतृक जमीन को उनके ही सगे रिश्तेदारों ने कूट रचित दस्तावेज तैयार कर अपने नाम करवा लिया है। शिकायत में उन्होंने अभिसार श्रीवास्तव और कपिल श्रीवास्तव को नामजद आरोपी बनाया था।










































