मंदिर में देवी की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा आज
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर के वार्ड नंबर २ सम्राट नगर में नवनिर्मित माँ शारदा भवानी माता मंदिर में तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव कार्यक्रम जारी। समारोह के पहले दिन शाम ४ बजे सोसायटी शिव मंदिर प्रांगण से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह कलश यात्रा मंदिर से निकलकर विभिन्न चौक चौराहा और गलियों का भ्रमण करते हुए मंदिर परिसर पहुंची जहां यात्रा का समापन किया गया। इसके साथ ही गणेश आह्वान पूजन, पीठ पूजा, नगर भ्रमण और जलाधिवास आदि मांगलिक क्रियाएं संपन्न की गईं। दूसरे दिन शुक्रवार को श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। दिनभर माता रानी के विग्रह को विभिन्न अधिवासों में रखने की वैदिक प्रक्रियाएं पूरी की गईं। माँ शारदा भवानी महिला मण्डल समिति वारासिवनी की देखरेख में चल रहे इस धार्मिक महोत्सव के दूसरे दिन आचार्य और पुरोहितों के मंत्रोच्चार के बीच सुबह की शुरुआत पीठ पूजा और अन्नाधिवास के साथ हुई जहाँ देवी प्रतिमा को अन्न के बीच सुरक्षित रखकर अधिवास कराया गया। दोपहर के समय फलाधिवास और पुष्पाधिवास के विधान पूरे किए गए। शाम को शैयाधिवास की प्रक्रिया संपन्न कराई गई जिसके तहत माता रानी को विश्राम की मुद्रा शयन में स्थापित कर विशेष आरती की गई। इन सभी अधिवासों का उद्देश्य नवनिर्मित प्रतिमा में दैवीय ऊर्जा का संचार करना और उसे मुख्य प्राण प्रतिष्ठा के लिए तैयार करना है। इन आयोजनों में आज भारी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं और विशेषकर महिला मंडल की सदस्यों ने हिस्सा लिया। समारोह के अंतिम दिनए यानी २७ जून को मंदिर परिसर में प्रात: काल से ही पीठ पूजा और महाअभिषेक के साथ वैदिक रीति से प्राण प्रतिष्ठा संपन्न की जाएगी। तत्पश्चात् हवन की पूर्णाहुति के बाद शाम ५ बजे से विशाल भंडारे के साथ कार्यक्रम का समापन किया जायेगा। इस अवसर पर समस्त वार्डवासियों और माँ शारदा भवानी महिला मण्डल समिति ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिकाधिक संख्या में उपस्थिति होकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की हैं।
0000000000000000000000










































