छतरपुर में गल्ला व्यापारी से लूट, नकाबपोश बदमाशों ने कट्टे की बट से हमला कर छीनी नकदी

0

 छतरपुर। छतरपुर जिले के घुवारा उपथाना क्षेत्र में भंगवा रोड स्थित बछेड़ी नदी के पास दो अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने गल्ला व्यापारी के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने पिकअप वाहन को रास्ते में रोककर व्यापारी से नकदी लूट ली। विरोध करने पर कट्टे की बट से सिर और शरीर पर कई वार कर व्यापारी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।मटर बेचकर लौट रहा था व्यापारी

जानकारी के अनुसार पीड़ित व्यापारी बड़ामलहरा का रहने वाला है। वह बड़ामलहरा में मटर बेचने के बाद पिकअप वाहन से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान भंगवा रोड पर बछेड़ी नदी के पास पहले से घात लगाए बैठे दो नकाबपोश बदमाशों ने उसका वाहन रुकवा लिया।विरोध करने पर कट्टे की बट से हमला

वाहन रुकते ही बदमाशों ने व्यापारी से नकदी छीन ली। व्यापारी ने जब लूट का विरोध किया तो आरोपियों ने कट्टे की बट से उसके सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में व्यापारी के सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद घायल व्यापारी किसी तरह घुवारा उपथाना पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने उसे उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस वारदात से जुड़े सुराग जुटाने के साथ आरोपितों की पहचान में लगी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here