भाजपा सरकार में महंगाई चरम पर, हर वर्ग परेशान, महामहिम राज्यपाल के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर के हृदय स्थल स्थित बस स्टैंड स्थित सभामंच पर गुरूवार को दोपहर ३ बजे ब्लॉक कांग्रेस कमेटी लालबर्रा के तत्वाधान में केन्द्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने लगातार बढ़ती महंगाई को लेकर केन्द्र एवं प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार के शासनकाल में खाद्य पदार्थों समेत दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं। बढ़ती महंगाई के कारण आम जनता और गरीब वर्ग की कमर टूट चुकी है। लेकिन सरकार उसे कम करने का नाम नही ले रही है, वर्तमान में सरकार के खिलाफ लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। सरकार ने चुनाव के समय कहा था कि महंगाई कम करेगें लेकिन महंगाई लगातार बढ़ते जा रही है। जो चीनी पूर्व में ४० रूपये प्रति किग्रा. थी जिसके दाम ७० से ८० रूपये किग्रा. हो चुका है। इसी तरह अन्य वस्तुओं एवं खाद्य पदार्थों के दाम बढऩे से गरीब, मध्यम वर्ग का बजट पुरी तरह से बिगड़ चुका है। आगे कहा कि भाजपा सरकार को गरीब, मध्यम वर्गों की कोई चिंता नही है सिर्फ उद्योगपतियों, पूंजी पतियों को लाभ पहुंचाने में लगी है, ऐसी सरकार को आगामी समय में सभी को एकजुट होकर सबक सीखाने की जरूरत है।
राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौपा ज्ञापन, महंगाई कम करने की मांग की
धरना प्रदर्शन के अंत में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के द्वारा तहसीलदार को महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस पार्टी ने आम जनमानस को राहत देने के लिए दैनिक उपयोग की वस्तुओं व खाद्य पदार्थोंकी बढ़ी हुई कीमतों पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग की है। वहीं जनविरोधी नीतियों और महंगाई पर नियंत्रण पाने में विफल रहने पर वर्तमान भाजपा सरकार को बर्खास्त किये जाने की भी मांग की है।










































