पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर के रामपायली रोड़ स्थित भारतीय खाद्य निगम के वेयरहाउस के सामने पिछले कुछ दिनों से अव्यवस्थित तरीके से खड़े भारी ट्रकों के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वेयरहाउस में अनाज खाली करने आए यह ट्रक सडक़ के दोनों ओर कतारबद्ध खड़े हैं जिससे व्यस्त मार्ग पूरी तरह संकरा हो गया है और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
तीन प्रमुख मार्गों का संगम, तेज रहता है यातायात
जिस स्थान पर यह ट्रक खड़े हो रहे हैं वह क्षेत्र यातायात की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। यहां मदनपुर रोड, डोंगरमाली रोड और रामपायली रोड इन तीनों प्रमुख मार्गों से वाहनों का आवागमन निरंतर बना रहता है। सडक़ संकरी हो जाने से ना केवल राहगीरों को निकलने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है बल्कि तेज रफ्तार वाहनों के कारण आमने सामने की भिड़ंत और हादसों का अंदेशा बना हुआ है। यह स्थिति पिछले लगभग एक सप्ताह से जस की तस बनी हुई है। उक्त क्षेत्र में सडक़ किनारे खड़े भारी वाहनों के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। हाल ही में सिंचाई विभाग कार्यालय के सामने सडक़ किनारे खड़े एक डंपर से पीछे से आ रही मोटरसाइकिल टकरा गई थी जिसमें एक गंभीर हादसा घटित हुआ था। इसके बावजूद प्रशासन और संबंधित विभाग के द्वारा सडक़ किनारे बेतरतीब खड़े ट्रकों पर अब तक कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं की गई है जिससे लोगों में रोष व्याप्त है। अनाज खाली करने के इंतजार में एक एक सप्ताह से खड़े इन ट्रकों के चालकों द्वारा पूरी सडक़ को ही पार्किंग स्थल बना लिया गया है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए राहगीरों और स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि एफसीआई गोदाम में आने वाले ट्रकों के लिए किसी उपयुक्त या अन्यत्र स्थान पर पार्किंग की व्यवस्था की जाए। ताकि मुख्य मार्ग पर यातायात सुगम हो सके और किसी भी बड़ी अनहोनी को टाला जा सके।
जिम्मेदार नपा अधिकारियों को खड़े ट्रको पर कार्यवाही करना चाहियें- शुभम शर्मा
शुभम शर्मा ने बताया की यह काफी व्यस्त मार्ग है चारों तरफ ग्रामीण क्षेत्र के लोग यहीं से आना जाना करते हैं। पूर्व में कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी है हर बार यहां ट्रैकों की पार्किंग बनी रहती है। अभी करीब ८ दिनों से हम देख रहे हैं ट्रक सडक़ के दोनों तरफ खड़े हैं और यह रोड़ किनारे भी नहीं है आधे रोड पर है। इस प्रकार कभी भी दुर्घटना हो सकती है इन ट्रैकों को दूसरे स्थान पर खडे करना चाहिए ताकि लोगों को आने जाने में दिक्कत ना हो। यहां पहले भी कई लोग गंभीर रूप से घायल और मौत तक हो चुकी है दुर्घटनाओं की संभावना या हर समय बनी रहती हैं। इस समस्या पर कई बार पुलिस प्रशासन का ध्यान आकर्षण कराया गया है,पर किसी के द्वारा कोई आज तक कार्यवाही नहीं की गई। इस प्रकार ट्रक सडक़ पर खड़ा करवाना बंद करना चाहिए ऐसी किसी और स्थान पर इन्हें खड़ा करना चाहिए ताकि बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।
इनका कहना हैं
दूरभाष पर चर्चा में बताया कि उक्त संबंध में हमारे द्वारा पुलिस थाना वारासिवनी को पूर्व में पत्र लिखा जा चुका है। वहीं यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए कई बार मांग की गई है। इस प्रकार ट्रक खड़े हो रहे है तो पुलिस प्रशासन को पत्र लिखकर ध्यान आकर्षण करवाया जायेगा।
श्रीमती सरिता दांदरे अध्यक्ष नगर पालिका वारासिवनी










































