३ साल बाद भी मोहगांव खुर्द में नल जल योजना अधूरी

0

भारी अनियमितता से आक्रोशित ग्रामीणों ने पीएचई एसडीओ को सौंपा ज्ञापन

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहगांव खुर्द में प्रधानमंत्री नल जल योजना विभागीय उपेक्षा और भारी अनियमितताओं की भेंट चढ़ चुकी है। योजना की स्वीकृति के तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी कार्य अधूरा पड़ा है,जिससे ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के लिए तरसना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या से आक्रोशित ग्रामवासियों ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अनुविभागीय अधिकारी विजय तिवारी को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य जल्द पूर्ण कराने और सुचारू जलापूर्ति की मांग की है।

अधूरी योजना गंदे पानी की सप्लाई से बीमारी का खतरा

ज्ञापन में बताया की ग्राम मोहगाँव खुर्द में लगभग तीन वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री नल जल योजना की स्वीकृति मिली थी। जिसको लेकर ग्रामीणों में बेहद हर्ष का माहौल बना हुआ था परंतु एक लंबा समय बचने के बाद भी योजना आज तक पूर्ण नहीं हो पाई है जिससे लोगों का उत्साह निराशा में बदल गया है। इस दौरान ग्राम के लोगों को पर्याप्त पानी योजना के माध्यम से नहीं मिल पा रहा है ग्राम के अधिकांश लोगों को पारंपरिक जल स्रोत या पीने के लिए दूर दराज से पानी लाकर अपनी पूर्ति करनी पड़ रही है। ऐसे में ग्रामीणों में बेहद आक्रोश व्याप्त है जिसको लेकर पूर्व में कई बार शिकायत एवं मांग की जा चुकी है। परंतु वर्तमान तक उक्त समस्या पर कोई गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया है ,जिसका परिणाम है कि आज भी ग्रामीणों को शासन की लाखों की नल जल योजना से पानी का वितरण सुचारु नहीं हो पा रहा है। ग्राम के कुछ ही स्थान पर यह पानी पहुंच पा रहा है। ग्राम के अंदर जो पाइपलाइन का विस्तार है वह भी अधूरा है गंदा पानी नलों से निकल रहा है ऐसे में स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें होने की संभावना बनी हुई है।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने यह रखी मांग

ज्ञापन में ग्रामीणों के द्वारा प्रमुख रूप से मांग की गई है कि गाँव के सभी घरों तक अभी तक पानी के कनेक्शन ही नहीं पहुँच पाए हैं। जिन घरों में कनेक्शन दिए भी गए हैं वहाँ सुचारू रूप से पानी का वितरण नहीं किया जा रहा है। वाल्व कनेक्शन की जगह से पाइपलाइन में बेहद गंदा पानी आ रहा है,जिससे गाँव में जलजनित बीमारियों और संक्रमण फैलने का गंभीर खतरा बना हुआ है। वार्ड क्रमांक १०,१२, और १३ में वाल्व ना लगाए जाने के कारण पानी के वितरण में भारी अव्यवस्था हो रही है। साथ ही वाल्व टैंक पर ढक्कन नही होने से सुरक्षा और स्वच्छता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामवासियों ने मांग की है कि ज्ञापन में उल्लिखित सभी समस्याओं पर संज्ञान लेते हुए तत्काल सुधार कार्य कराया जाए ताकि ग्रामीणों को सुगमता से स्वच्छ पेयजल मिल सके

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here